बगड़, राष्ट्रीय स्तर की तृतीय एकेडमिया स्किल ओलंपियाड-2026 में बगड़ के शिवओंकार माहेश्वरी तकनीकी संस्थान (SMTI) और बगड़ इंस्टीट्यूट फॉर ट्रेनिंग ऑफ ट्रेनर्स (IToT) के प्रशिक्षणार्थियों ने शानदार प्रदर्शन किया।

सुब्रोस लिमिटेड, मानेसर (गुरुग्राम) में आयोजित प्रतियोगिता में IToT के रिमोट कंट्रोल फ्लोर क्लीनर मॉडल ने प्रथम स्थान हासिल कर गोल्ड मेडल जीता।

वहीं SMTI के स्मार्ट इलेक्ट्रिकल सेफ्टी सिस्टम मॉडल ने दूसरा स्थान हासिल करते हुए सिल्वर मेडल अपने नाम किया।

81 प्रतिभागियों के बीच 23 मॉडल

राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों से आईटीआई, डिप्लोमा, IToT और सुब्रोस स्किल सेंटर के कुल 81 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।

प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने कुल 23 इनोवेटिव प्रोजेक्ट और मॉडल प्रदर्शित किए। तकनीकी कौशल, नवाचार और उपयोगिता के आधार पर हुए मुकाबले में बगड़ के दोनों संस्थानों के मॉडल शीर्ष दो स्थानों पर रहे।

तकनीकी प्रतिभा की अतिथियों ने की सराहना

प्रतियोगिता का आयोजन सुब्रोस लिमिटेड एवं श्री विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।

कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. दिनेश कुमार, कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय के संयुक्त निदेशक प्रवीण त्यागी, उपनिदेशक अरुण कुमार यादव सहित सुब्रोस लिमिटेड के अधिकारी और अन्य गणमान्यजन मौजूद रहे।

अतिथियों ने विभिन्न मॉडल का अवलोकन किया और प्रशिक्षणार्थियों की तकनीकी प्रतिभा, नवाचार और मेहनत की सराहना की।

गोल्ड-सिल्वर मेडल के साथ प्रमाण-पत्र से सम्मान

संस्थान के सीईओ विकास खटोड़ ने बताया कि विजेता प्रशिक्षणार्थियों को मुख्य अतिथि और विशिष्ट अतिथि ने दुपट्टा पहनाकर प्रशस्ति-पत्र एवं मेडल प्रदान किए।

मॉडल तैयार करने में मार्गदर्शन देने वाले अनुदेशकों को भी शॉल एवं दुपट्टा पहनाकर सम्मानित किया गया।

नगरपालिका अध्यक्ष ने दी बधाई

सम्मान समारोह के मुख्य अतिथि बगड़ नगरपालिका अध्यक्ष राकेश कुमार शर्मा रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में SMTI के पूर्व अधीक्षक ओमप्रकाश शर्मा मौजूद रहे।

राकेश कुमार शर्मा ने विजेता प्रशिक्षणार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि वे लगातार नई तकनीक सीखते रहें और अपने संस्थान, माता-पिता एवं देश का नाम रोशन करें।

उन्होंने कहा कि बगड़ के संस्थान लगातार उपलब्धियां हासिल कर कस्बे का गौरव बढ़ा रहे हैं।

ऑटोमेशन के दौर में तकनीकी दक्षता की पहचान

SMTI के पूर्व अधीक्षक ओमप्रकाश शर्मा ने कहा कि ऑटोमेशन के दौर में भी प्रशिक्षणार्थियों ने अपने हुनर और तकनीकी दक्षता के दम पर पहचान बनाई है। उन्होंने इसे संस्थान और बगड़ दोनों के लिए गौरव की बात बताया।

अतिथियों का किया स्वागत

कार्यक्रम के अंत में सीईओ विकास खटोड़ ने अतिथियों का आभार व्यक्त किया और उन्हें शॉल एवं स्मृति चिह्न भेंट किए।

अतिथियों का स्वागत IToT प्राचार्य कुम्भाराम, फार्मेसी प्राचार्य डॉ. विवेक कौशिक, SMTI अधीक्षक नरेश कुमार सैनी, नवीन सैनी और बाबूलाल सैनी ने पुष्पगुच्छ एवं दुपट्टा पहनाकर किया।

Best JEE Coaching Jhunjhunu City

The most trusted source for latest news, breaking news and detailed analysis of Jhunjhunu, Sikar and Churu district. We bring news directly to you from Jhunjhunu, Nawalgarh, Mandawa, Chirawa, Udaipurwati,...