चिड़ावा/चनाना। चनाना क्षेत्र के बड़सरा की ढाणी निवासी समाजसेवी बनवारी लाल धींवा तथा युवा नेता एडवोकेट दीपक धींवा ने क्यामसर स्थित निर्माणाधीन तेजाजी मंदिर के लिए 1 लाख 11 हजार रुपये नकद एवं निर्माण सामग्री देने की घोषणा की है।
उनकी इस घोषणा पर राष्ट्रीय जाट महासंघ ने प्रदेश अध्यक्ष डॉ. वीरेन्द्र क्यामसरिया के नेतृत्व में उनका भव्य स्वागत एवं सम्मान किया।
साफा और माल्यार्पण कर किया सम्मान
सम्मान समारोह में राष्ट्रीय जाट महासंघ के जिला उपाध्यक्ष कैप्टन शिवप्रसाद चौधरी और प्रभारी सुनील काजला ने बनवारी लाल धींवा एवं एडवोकेट दीपक धींवा का साफा, शॉल और फूलमाला पहनाकर अभिनंदन किया।
इस दौरान एडवोकेट दीपक धींवा ने भविष्य में भी तेजाजी मंदिर के निर्माण कार्य में हरसंभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया।
जनसहयोग से बन रहा है मंदिर
कार्यक्रम में रोनक धींवा और प्रिंसिपल भंवरलाल ने उपस्थित सभी लोगों का आभार व्यक्त किया।
राष्ट्रीय जाट महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. वीरेन्द्र क्यामसरिया ने बनवारी लाल धींवा और एडवोकेट दीपक धींवा का आभार जताते हुए कहा कि जनसहयोग से निर्माणाधीन क्यामसर का तेजाजी मंदिर 165 फीट ऊंचे शिखर के साथ बनने का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि मंदिर निर्माण में समाज के लोगों का तन, मन और धन से निरंतर सहयोग मिल रहा है।






