आगामी निकाय चुनाव-2026 को लेकर कांग्रेस ने संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। उदयपुरवाटी में आयोजित कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक में स्थानीय विधायक भगवानाराम सैनी ने टिकट वितरण को लेकर पार्टी का रुख स्पष्ट करते हुए कहा कि केवल ईमानदार, साफ-सुथरी छवि और पार्टी के प्रति निष्ठावान कार्यकर्ताओं को ही चुनाव लड़ने का अवसर दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि पार्टी के प्रति समर्पण और वफादारी टिकट वितरण का प्रमुख आधार होगा।
चेयरमैन की छवि पर दिया जोर
विधायक भगवानाराम सैनी ने कहा कि नगर निकायों को करोड़ों रुपये का विकास बजट मिलता है। ऐसे में शहर के विकास और जनता के विश्वास को बनाए रखने के लिए ईमानदार एवं जिम्मेदार नेतृत्व आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि अनुचित साधनों से चेयरमैन बनने की प्रवृत्ति से निकायों के विकास कार्य प्रभावित होते हैं, इसलिए पार्टी इस बार उम्मीदवारों के चयन में विशेष सावधानी बरतेगी।
“बेईमान टिकट मांगने भी न आएं”
बैठक को संबोधित करते हुए विधायक सैनी ने कहा कि जो लोग बेईमान हैं, वे कांग्रेस से पार्षद या चेयरमैन पद के लिए टिकट मांगने भी न आएं।
उन्होंने यह भी कहा कि प्रत्येक चुनाव में केवल अवसर तलाशने वाले लोगों को पार्टी किसी भी परिस्थिति में टिकट नहीं देगी और संगठन के प्रति समर्पित कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता दी जाएगी।
एकजुट होकर चुनाव लड़ने का आह्वान
निकाय एवं पंचायती राज चुनावों के विधानसभा प्रभारी भरत सिंह नरुका ने कार्यकर्ताओं को पार्टी की रणनीति और दिशा-निर्देशों से अवगत कराया। उन्होंने सभी से एकजुट होकर पूरी ईमानदारी और संगठनात्मक मजबूती के साथ चुनाव लड़ने का आह्वान किया।
बैठक के अंत में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष बाबूलाल सैनी ने सभी अतिथियों और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। इस दौरान पार्टी के कई पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।






