झुंझुनूं के स्टेशन रोड स्थित होटल में गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी की नगर निकाय चुनाव को लेकर संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता भाजपा जिला अध्यक्ष ने की।

बैठक में प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी मुख्य वक्ता, जबकि पूर्व कृषि मंत्री प्रभुलाल सैनी और आहोर विधायक शंकरलाल राजपुरोहित मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे।

बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने का आह्वान

प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी ने कार्यकर्ताओं से आगामी नगर निकाय चुनावों की तैयारियों में अभी से जुटने का आह्वान किया। उन्होंने मंडल से लेकर जिला स्तर तक संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिए।

उन्होंने प्रत्येक बूथ को सशक्त बनाने, घर-घर जनसंपर्क बढ़ाने तथा पार्टी के ‘संत श्री रविदास कलश अभियान’ और ‘हर घर तिरंगा अभियान’ को सफल बनाने के लिए भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने की अपील

पूर्व कृषि मंत्री प्रभुलाल सैनी ने कार्यकर्ताओं से राज्य सरकार की जल परियोजनाओं, विद्युत क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

वहीं आहोर विधायक शंकरलाल राजपुरोहित ने कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन करते हुए विश्वास जताया कि संगठन की मेहनत के बल पर भाजपा आगामी नगर निकाय चुनावों में बेहतर प्रदर्शन करेगी।

वंदे मातरम से शुरुआत, राष्ट्रगान के साथ समापन

बैठक का शुभारंभ वंदे मातरम् और महापुरुषों के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री योगेंद्र मिश्रा ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन जिला महामंत्री वीरपाल सिंह शेखावत ने दिया। बैठक का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।

बैठक में पूर्व सांसद संतोष अहलावत, खेतड़ी विधायक धर्मपाल सिंह गुर्जर, जिला मीडिया प्रभारी ललित जोशी , प्रदेश एवं जिला स्तर के पदाधिकारी, विभिन्न मोर्चों के प्रतिनिधि, मंडल अध्यक्ष और जिले भर से बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Best JEE Coaching Jhunjhunu City

The most trusted source for latest news, breaking news and detailed analysis of Jhunjhunu, Sikar and Churu district. We bring news directly to you from Jhunjhunu, Nawalgarh, Mandawa, Chirawa, Udaipurwati,...