झुंझुनूं के सांसद बृजेंद्र सिंह ओला ने नई दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर झुंझुनूं लोकसभा क्षेत्र एवं शेखावाटी की विभिन्न महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं को शीघ्र शुरू कराने की मांग की। बैठक में सड़क संपर्क, यातायात सुविधा और क्षेत्रीय विकास से जुड़े कई प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा हुई।

सांसद ओला ने बताया कि केंद्रीय मंत्री ने उनकी ओर से उठाए गए विषयों को गंभीरता से सुना और पचेरी-रेवाड़ी फोरलेन तथा लक्ष्मणगढ़-फतेहपुर-रतनगढ़ फोरलेन परियोजनाओं पर शीघ्र कार्य प्रारंभ कराने का आश्वासन दिया।

इन प्रमुख परियोजनाओं को लेकर रखी मांग

बैठक के दौरान सांसद ने पचेरी-झुंझुनूं (वाया सिंघाना-चिड़ावा-बगड़) राष्ट्रीय राजमार्ग-11 के फोरलेन निर्माण कार्य को तत्काल शुरू करने की मांग की। उन्होंने कहा कि परियोजना की डीपीआर और वित्तीय स्वीकृति मिलने के बावजूद निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ है, जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है।

इसके अलावा मंडावा-रामगढ़ (वाया नांगली) एमडीआर-234 के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण को केंद्रीय सड़क एवं अवसंरचना निधि (CRIF) के तहत स्वीकृति देकर कार्य शुरू कराने का भी आग्रह किया गया।

फतेहपुर रिंग रोड और स्टेट हाईवे-13 को राष्ट्रीय राजमार्ग बनाने का प्रस्ताव

सांसद ओला ने फतेहपुर शहर के पूर्वी एवं दक्षिणी हिस्से में रिंग रोड निर्माण का प्रस्ताव भी रखा। उनका कहना था कि इससे एनएच-11, एनएच-52 और एनएच-58 के बीच बेहतर संपर्क स्थापित होगा, शहर में जाम और सड़क दुर्घटनाओं में कमी आएगी।

उन्होंने राजगढ़-पिलानी (NH-709E) और NH-11 को जोड़ने वाली स्टेट हाईवे-13 को राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित कर फोरलेन के रूप में विकसित करने की भी मांग की। उनके अनुसार इससे पिलानी, चिड़ावा और झुंझुनूं क्षेत्र में व्यापार, शिक्षा, चिकित्सा एवं औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा तथा सीरी (CEERI) और बिट्स पिलानी तक आवागमन अधिक सुगम होगा।

लक्ष्मणगढ़-फतेहपुर-रतनगढ़ मार्ग को फोरलेन बनाने की मांग

सांसद ने लक्ष्मणगढ़-फतेहपुर-रतनगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग खंड (NH-52 एवं NH-11) को शीघ्र फोरलेन में बदलने की आवश्यकता भी बताई। उन्होंने कहा कि यह मार्ग सीकर, झुंझुनूं, चूरू, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ और बीकानेर को जोड़ने वाला प्रमुख संपर्क मार्ग है, जिस पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु, विद्यार्थी और व्यापारी आवागमन करते हैं।

सांसद ओला ने विश्वास जताया कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से शेखावाटी क्षेत्र में सड़क संपर्क मजबूत होगा, दुर्घटनाओं में कमी आएगी और व्यापार, उद्योग, पर्यटन तथा शिक्षा क्षेत्र को नई गति मिलेगी।

Best JEE Coaching Jhunjhunu City

The most trusted source for latest news, breaking news and detailed analysis of Jhunjhunu, Sikar and Churu district. We bring news directly to you from Jhunjhunu, Nawalgarh, Mandawa, Chirawa, Udaipurwati,...