झुंझुनूं, बुहाना स्थित 132 KV जीएसएस पर बिजली कटौती को लेकर महिला अधिकारी और स्टाफ के साथ कथित गाली-गलौज, अभद्र व्यवहार और धमकी देने के मामले में कार्रवाई की मांग उठाई गई है।
मामले को लेकर कर्मचारियों ने शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक, झुंझुनूं को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में आरोपितों के खिलाफ शीघ्र कार्रवाई के साथ महिला अधिकारियों और कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की गई।
3 सितंबर की रात की घटना का आरोप
ज्ञापन में बताया गया कि 3 सितंबर की रात करीब 9:30 बजे कुछ लोग बिजली कटौती को लेकर 132 KV जीएसएस बुहाना पहुंचे थे।
कर्मचारियों का आरोप है कि इस दौरान जीएसएस पर मौजूद स्टाफ के साथ कथित तौर पर अभद्र व्यवहार और गाली-गलौज की गई। साथ ही सरकारी दस्तावेज छीनने और स्टाफ को धमकाने के आरोप भी ज्ञापन में लगाए गए हैं।
9 सितंबर को दर्ज हुई FIR
ज्ञापन के अनुसार, घटना के संबंध में 4 सितंबर को बुहाना थाने में शिकायत दी गई थी। कार्रवाई नहीं होने पर 6 सितंबर को एफआईआर दर्ज करने के लिए पत्र दिया गया।
इसके बाद 9 सितंबर को एफआईआर संख्या 148 दर्ज की गई। अब कर्मचारियों ने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन देकर मामले में आरोपितों के खिलाफ शीघ्र और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
महिला स्टाफ ने मांगी सुरक्षा
ज्ञापन में महिला अधिकारियों और कर्मचारियों की सुरक्षा का मुद्दा भी उठाया गया। कर्मचारियों ने मांग की कि भविष्य में आरवीपीएन स्टाफ के साथ इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति नहीं हो, इसके लिए आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
ज्ञापन देने वालों में रजनी कुमारी, विनीता, सुशीला, अपूर्वा, मनीष, विकास चौधरी, नितिन गजराज, सरिता यादव, नरेश मीणा, कपिल, अनिल सूरा, अनमोल, संगीता और संजीव सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
पुलिस द्वारा मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।






