बुहाना संयुक्त किसान मोर्चा के घटक संगठन अखिल भारतीय किसान महासभा और अखिल भारतीय किसान सभा के नेतृत्व में बुधवार को बुहाना में भारत-अमेरिका ट्रेड डील, पेपर लीक तथा छात्र आंदोलन पर हुई पुलिस कार्रवाई के विरोध में प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनकारी तहसील कार्यालय से रैली निकालते हुए उपखंड अधिकारी (एसडीओ) कार्यालय पहुंचे और राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा।

विभिन्न मांगों को लेकर की नारेबाजी

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने भारत-अमेरिका ट्रेड डील रद्द करने, पेपर लीक के लिए जिम्मेदार केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे, छात्र आंदोलन पर पुलिस कार्रवाई के लिए जिम्मेदार केंद्रीय गृह मंत्री के इस्तीफे, गिरफ्तार युवाओं की रिहाई तथा पुलिस कार्रवाई के लिए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर नारे लगाए।

किसान संगठनों ने जताई चिंता

सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने आरोप लगाया कि प्रस्तावित भारत-अमेरिका ट्रेड डील से भारी सब्सिडी वाली कृषि उपज भारतीय बाजार में आने लगेगी, जिससे देश के किसानों को नुकसान हो सकता है। उन्होंने केंद्र सरकार से यह ट्रेड डील नहीं करने की मांग की।

वक्ताओं ने छात्र आंदोलन के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई की भी आलोचना करते हुए आरोप लगाया कि प्रदर्शनकारी छात्रों के साथ कठोर व्यवहार किया गया। उन्होंने इस मामले में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन

प्रदर्शन के बाद राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन उपखंड अधिकारी की अनुपस्थिति में नायब तहसीलदार, बुहाना को सौंपा गया।

इस दौरान अखिल भारतीय किसान महासभा के राष्ट्रीय सचिव रामचंद्र कुलहरि, जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश झारोड़ा, अखिल भारतीय किसान सभा के तहसील अध्यक्ष जयसिंह यादव, तहसील सचिव चंद्रभान पुहानियां, राजस्थान निर्माण मजदूर संगठन के जिलाध्यक्ष मनफूल सिंह, लालाराम जांगिड़, रामलाल कुमावत, जसवीर सिंह नेहरा, मोमिन खां, रामचंद्र नेहरा, राजपाल यादव, रामस्वरूप यादव, प्रताप सिंह यादव और मुकेश कुमावत सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Best JEE Coaching Jhunjhunu City

The most trusted source for latest news, breaking news and detailed analysis of Jhunjhunu, Sikar and Churu district. We bring news directly to you from Jhunjhunu, Nawalgarh, Mandawa, Chirawa, Udaipurwati,...