चिड़ावा। आगामी नगर निकाय चुनाव को लेकर झुंझुनूं पुलिस ने कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए कस्बे में फ्लैग मार्च किया।
पुलिस अधिकारियों और जवानों ने प्रमुख मार्गों एवं इलाकों से गुजरते हुए आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत करने का संदेश दिया।
यह फ्लैग मार्च पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर आईपीएस के निर्देशानुसार और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय देवेन्द्र सिंह राजावत आरपीएस के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया।
अधिकारियों के नेतृत्व में निकला फ्लैग मार्च
फ्लैग मार्च का नेतृत्व चिड़ावा वृत्ताधिकारी गौरव गुर्जर आरपीएस ने किया। उनके साथ पुलिस थाना चिड़ावा के थानाधिकारी लक्ष्मीचंद वर्मा सहित पुलिस जाप्ता मौजूद रहा।
पुलिस जवानों ने कस्बे में पैदल मार्च कर चुनाव के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अपनी तैयारियों का संदेश दिया।
भयमुक्त माहौल में मतदान की अपील
पुलिस ने आमजन से आगामी नगर निकाय चुनाव शांतिपूर्ण और भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने में सहयोग की अपील की।
अधिकारियों ने कहा कि प्रत्येक नागरिक को बिना किसी डर या दबाव के अपने मताधिकार का प्रयोग करना चाहिए।
असामाजिक गतिविधियों पर होगी सख्त कार्रवाई
फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया कि चुनाव के दौरान कानून व्यवस्था भंग करने, उपद्रव करने या किसी भी तरह की असामाजिक गतिविधि में शामिल होने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने आमजन से किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने और चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की।
चुनाव को लेकर पुलिस पूरी तरह मुस्तैद
पुलिस प्रशासन की ओर से कहा गया कि निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव के लिए जिला पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है।
फ्लैग मार्च के जरिए पुलिस ने जहां आमजन को सुरक्षा का भरोसा दिलाया, वहीं चुनाव में माहौल खराब करने की कोशिश करने वालों को सख्त कार्रवाई का संदेश भी दिया।






