झुंझुनूं जिले के उदयपुरवाटी विधानसभा क्षेत्र की चिराना ग्राम पंचायत में स्थित संस्कृत कॉलेज के पीछे अरावली की पहाड़ियों में रविवार को एक पेड़ से लटका मानव कंकाल मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव की स्थिति को देखते हुए पुलिस का प्रारंभिक अनुमान है कि यह करीब 15 दिन या उससे अधिक पुराना हो सकता है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी।
दुर्गम पहाड़ी पर पहुंची पुलिस टीम
घटना की सूचना मिलने पर वृत्ताधिकारी सुगन सिंह और गोठड़ा थाना प्रभारी प्रेम प्रकाश के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए।
शव पूरी तरह कंकाल में तब्दील हो चुका था, जिसके कारण मौके पर उसकी पहचान नहीं हो सकी। पुलिस फिलहाल हत्या और आत्महत्या, दोनों संभावनाओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
ग्रामीणों ने शव नीचे उतारने में किया सहयोग
दुर्गम पहाड़ी होने के कारण शव को नीचे उतारने में स्थानीय ग्रामीणों ने पुलिस की सहायता की। इसके बाद पुलिस ने शव को नवलगढ़ जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम और अन्य जांच रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के कारणों के संबंध में स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी।
कपड़ों और सामान के आधार पर पहचान की कोशिश
पुलिस के अनुसार, मृतक की उम्र करीब 40 से 50 वर्ष के बीच प्रतीत होती है। घटनास्थल से नीले रंग की चप्पल, चश्मा, टी-शर्ट, काला रेडीमेड पायजामा और अंडरवियर बरामद हुए हैं।
गोठड़ा थाना प्रभारी प्रेम प्रकाश ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति इन कपड़ों या बरामद सामान के आधार पर मृतक की पहचान कर सकता है अथवा किसी गुमशुदा व्यक्ति के बारे में जानकारी रखता है, तो वह तुरंत गोठड़ा पुलिस थाने से संपर्क करे।






