झुंझुनूं जिले की ग्राम पंचायत चिराना में गायत्री मंदिर के पास स्थित पेयजल टंकी को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी देखने को मिल रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि टंकी के अंदर मृत चूहे पाए गए हैं, जिसके कारण दूषित पानी की आपूर्ति करीब 100 परिवारों तक हो रही है। मामले को लेकर लोगों ने जलदाय विभाग से तत्काल कार्रवाई की मांग की है।

ग्रामीणों का कहना है कि टंकी से आने वाले पानी में दुर्गंध की शिकायत भी सामने आई है। उनका आशंका है कि यदि समय रहते व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो लोगों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है।

ग्रामीणों का आरोप- पहले भी सामने आ चुका है मामला

स्थानीय लोगों के अनुसार लगभग एक माह पहले भी इसी टंकी में मृत चूहे मिलने की शिकायत सामने आई थी। उस समय टंकी की सफाई करवाई गई, लेकिन ग्रामीणों का आरोप है कि स्थायी समाधान नहीं किया गया। उनका कहना है कि टंकी की जर्जर स्थिति और खुले हिस्सों के कारण दोबारा ऐसी स्थिति उत्पन्न हुई।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि नियमित निरीक्षण और रखरखाव नहीं होने से पेयजल व्यवस्था प्रभावित हो रही है।

अधिकारियों से संपर्क नहीं होने का आरोप

निवर्तमान उपसरपंच मोहम्मद इकबाल शेख ने आरोप लगाया कि घटना की जानकारी देने के लिए जलदाय विभाग के अधिकारियों से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी। हालांकि इस संबंध में विभाग की ओर से तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

24 घंटे में कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि पेयजल टंकी की तत्काल सफाई कर उसे सुरक्षित बनाया जाए। साथ ही नियमित निरीक्षण की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए और यदि लापरवाही पाई जाती है तो संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो वे जलदाय विभाग के कार्यालय के बाहर प्रदर्शन करेंगे।

Best JEE Coaching Jhunjhunu City

The most trusted source for latest news, breaking news and detailed analysis of Jhunjhunu, Sikar and Churu district. We bring news directly to you from Jhunjhunu, Nawalgarh, Mandawa, Chirawa, Udaipurwati,...

Kailash is a dedicated News Author covering the Udaipurwati. He focuses on delivering timely, accurate, and reliable local news, including government updates, public issues, education, crime, politics,...