चिड़ावा। शहर के चीनी गोदाम के पास स्थित चौक में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक श्वान का बच्चा करीब 200 फीट गहरे कुएं में गिर गया। कुएं से डॉगी के भौंकने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे।
स्थानीय लोगों ने घटना की जानकारी गौरक्षकों को दी। सूचना मिलते ही गौरक्षकों की टीम मौके पर पहुंची और डॉगी को बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
सेफ्टी उपकरणों के साथ कुएं में उतरे गौरक्षक
रेस्क्यू के लिए मौके पर क्रेन बुलाई गई। गौरक्षक अंकित वर्मा ने सेफ्टी उपकरणों के साथ गहरे कुएं में उतरकर डॉगी को निकालने का प्रयास किया।
काफी मशक्कत के बाद डॉगी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। रेस्क्यू सफल होने के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली।
कई गौरक्षकों ने रेस्क्यू में किया सहयोग
रेस्क्यू अभियान में अनूप भाटी, देव योगी (डीके), अंकित वर्मा, सूर्यकांत नायक, अर्जुन नायक, आयुष जैदिया, अनुराग सिंह, राजा सैनी, सूर्यप्रकाश, सेंटी राजपूत और कौशल शर्मा सहित अन्य गौरक्षकों ने सहयोग किया।
टीम की तत्परता और प्रयासों के चलते डॉगी की जान बचाई जा सकी।
स्थानीय लोगों ने जताया आभार
मौके पर मौजूद पूर्व पार्षद अंकित भगेरिया, ईशु भगेरिया, लोकेश, हिमांशु और नीरज सहित स्थानीय लोगों ने रेस्क्यू टीम का आभार जताया।
करीब 200 फीट गहरे कुएं से डॉगी को सुरक्षित बाहर निकालने के बाद लोगों में राहत का माहौल रहा।






