चिड़ावा। गौशाला रोड स्थित एक प्राचीन मंदिर में चोरी के प्रयास का मामला सामने आया है। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर पांच बालकों को पकड़ लिया।
स्थानीय लोगों के अनुसार करीब छह बालक मंदिर परिसर में पहुंचे थे। आरोप है कि उन्होंने मंदिर के अंदर स्थित ठाकुर जी और सैन जी महाराज के मंदिर के ताले तोड़ने का प्रयास किया।
लोगों ने पांच बालकों को पकड़ा
मंदिर परिसर में संदिग्ध गतिविधि की भनक स्थानीय लोगों को लगी तो वे तुरंत मौके पर पहुंच गए। लोगों को आता देख एक बालक मौके से भाग गया, जबकि पांच बालकों को स्थानीय लोगों ने पकड़ लिया।
घटना की सूचना पुलिस को दी गई। इसके बाद चिड़ावा थाने से हेड कांस्टेबल जगदीप राव और कांस्टेबल अंकित राव मौके पर पहुंचे।
पुलिस पांचों बालकों को अपने साथ थाने ले गई और मामले में पूछताछ शुरू की।
पुलिस जुटा रही घटना की जानकारी
पुलिस पूरे मामले में पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि मंदिर में चोरी का प्रयास किस उद्देश्य से किया गया था और इसमें सभी की क्या भूमिका थी।
फिलहाल पुलिस की जांच के बाद ही घटना से जुड़ी पूरी जानकारी सामने आ सकेगी।
दो महीने पहले भी हुई थी चोरी
स्थानीय लोगों के मुताबिक इसी मंदिर में करीब दो महीने पहले भी चोरी की घटना हो चुकी है।
उस दौरान मंदिर से घंटी, लड्डू गोपाल सहित अन्य सामग्री चोरी होने की बात सामने आई थी।
अब दोबारा चोरी के प्रयास की घटना सामने आने से मंदिर से जुड़े लोगों और स्थानीय नागरिकों में चिंता का माहौल है।
स्थानीय लोगों ने मंदिर क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और रात के समय निगरानी बढ़ाने की मांग की है।






