चिड़ावा शहर के एक निजी होटल में रविवार को चिड़ावा ब्लॉक के आयुर्वेद चिकित्सकों का स्नेह मिलन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य चिकित्सकों के बीच आपसी समन्वय, संवाद और सहयोग की भावना को मजबूत करना तथा आयुर्वेद चिकित्सा सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने पर विचार-विमर्श करना रहा।
समारोह में बड़ी संख्या में आयुर्वेद चिकित्सकों ने भाग लेकर स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपने विचार साझा किए।
संवाद और समन्वय को बताया जरूरी
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि चिकित्सक महासंघ, झुंझुनूं के जिला अध्यक्ष डॉ. रोहिताश जांगिड़ रहे, जबकि अध्यक्षता आयुर्वेद मेडिकल एसोसिएशन, झुंझुनूं के जिला अध्यक्ष डॉ. महेश कुमार ने की।
विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. दिनेश शर्मा, डॉ. ललित पारीक एवं डॉ. मंजू उपस्थित रहे। वक्ताओं ने कहा कि इस प्रकार के स्नेह मिलन कार्यक्रम चिकित्सकों के बीच अनुभवों के आदान-प्रदान और बेहतर समन्वय को बढ़ावा देते हैं।
आयुर्वेद सेवाओं को मजबूत बनाने पर जोर
वक्ताओं ने आयुर्वेद चिकित्सा पद्धति के प्रभावी प्रचार-प्रसार तथा मरीजों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया।
उन्होंने कहा कि चिकित्सकों के बीच निरंतर संवाद और सहयोग से स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता को और बेहतर बनाया जा सकता है।
बड़ी संख्या में चिकित्सक रहे उपस्थित
कार्यक्रम का संचालन डॉ. अशोक अरड़ावतिया ने किया। समारोह में डॉ. राजवीर डैला, डॉ. विनोद कुमार, डॉ. राकेश कुमार, डॉ. सुखबीर, डॉ. कृष्ण दत्त, डॉ. रोहताश सैनी, डॉ. अंकिता सूंडा, डॉ. संगीता, डॉ. प्रीति स्वामी और डॉ. सविता सैनी सहित ब्लॉक के अनेक आयुर्वेद चिकित्सक उपस्थित रहे।
समारोह का समापन सौहार्दपूर्ण वातावरण में हुआ। उपस्थित चिकित्सकों ने भविष्य में भी ऐसे आयोजनों के माध्यम से आपसी संवाद और समन्वय को निरंतर बनाए रखने का संकल्प लिया।






