चिड़ावा: शहर के मेन मार्केट स्थित बावलिया बाबा साधना स्थली, चौरासिया मंदिर में भगवान शिव की आराधना को समर्पित एक माह के दिव्य रुद्राभिषेक महाअनुष्ठान का बुधवार को वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ शुभारंभ हुआ। आयोजन के पहले दिन बड़ी संख्या में शिव भक्तों ने मंदिर पहुंचकर शिवलिंग का जलाभिषेक किया और सामूहिक रूप से “ॐ नमः शिवाय” महामंत्र का जाप किया।
वैदिक विधि-विधान से हुआ शुभारंभ
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार रुद्राभिषेक भगवान शिव की विशेष आराधना का महत्वपूर्ण अनुष्ठान माना जाता है। महाअनुष्ठान का शुभारंभ महंत विनोद चौरासिया, रामकिशन केडिया, नरेंद्र कुमार, अशोक हलवाई एवं आशा अग्रवाल ने पूजा-अर्चना के साथ किया।
विश्व शांति और आध्यात्मिक जागरण का संदेश
मंदिर महंत विनोद चौरासिया ने बताया कि इस महाअनुष्ठान का उद्देश्य समाज में आध्यात्मिक चेतना का प्रसार करना, सनातन संस्कृति के प्रति आस्था को सुदृढ़ करना तथा विश्व शांति और जनकल्याण की कामना करना है। उन्होंने बताया कि पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धालु प्रतिदिन भगवान शिव की आराधना, मंत्र जाप और पूजा-अर्चना में सहभागी बनेंगे।
एक माह तक प्रतिदिन होंगे धार्मिक आयोजन
मंदिर समिति के अनुसार आगामी एक माह तक प्रतिदिन शाम 6 बजे से विधि-विधानपूर्वक रुद्राभिषेक, सामूहिक जलाभिषेक, वैदिक मंत्रोच्चार, महामंत्र जाप और शिव स्तुति का आयोजन किया जाएगा। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए नियमित पूजा-अर्चना की व्यवस्था भी की गई है।
समिति ने क्षेत्र के सभी धर्मप्रेमियों और शिव भक्तों से प्रतिदिन निर्धारित समय पर मंदिर पहुंचकर महाअनुष्ठान में भाग लेने की अपील की है।
कार्यक्रम में नीतू पोदार, रेखा वर्मा, उषा टेलर, शालिनी शर्मा, तनीषा, मौसमी, मंजू मोदी, देवकी शर्मा, हंशिका, निखिल, नव्या, आर्यन और सुनीता सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।






