चिड़ावा। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी चिड़ावा की ओर से बुधवार को NEET पेपर लीक मामले और छात्र आंदोलन के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई के विरोध में प्रदर्शन किया गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन कर विरोध जताया और उपखंड अधिकारी किरण पाल के माध्यम से राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपकर विभिन्न मांगें रखीं।
प्रदर्शन का नेतृत्व कांग्रेस नेता शेर सिंह नेहरा ने किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और विद्यार्थियों के हितों की रक्षा की मांग की।
NEET पेपर लीक पर जताई चिंता
ज्ञापन में कांग्रेस ने आरोप लगाया कि NEET परीक्षा में पेपर लीक की घटनाओं से लाखों विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित हुआ है। पार्टी का कहना है कि प्रतियोगी परीक्षाओं की विश्वसनीयता पर लगातार सवाल उठ रहे हैं, जिससे विद्यार्थियों और अभिभावकों में चिंता का माहौल बना हुआ है।
कांग्रेस ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने तथा केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग की।
छात्र आंदोलन पर पुलिस कार्रवाई का किया विरोध
ज्ञापन में छात्र आंदोलन के दौरान पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई पर भी सवाल उठाए गए। कांग्रेस ने लाठीचार्ज की निष्पक्ष जांच, आंदोलन के दौरान छात्रों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने तथा भविष्य में छात्रों के लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।
इसके साथ ही प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक जैसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी और पारदर्शी व्यवस्था लागू करने की भी मांग की गई।
बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रहे मौजूद
प्रदर्शन के दौरान शेर सिंह नेहरा के नेतृत्व में पूर्व पार्षद शिवलाल सैनी, निखिल चौधरी, लोकेश कटारिया, श्रीराम सैनी, शीशराम सैनी (बिल्लू), रामविलास, रामजीलाल सैनी, नरेंद्र भगत, ओमप्रकाश, दीपक नेहरा, योगेश, सत्यवीर सिंह मेघवाल, अन्नू मेघवाल, सुभाष भांबू, अनिल कटेवा, प्रकाश गुर्जर, राजकुमार, रघुवीर सिंह डेला, ताराचंद लांबा, रणवीर सिंह पूनियां, देवकरण, होशियार सिंह, प्रेमसिंह, महीपाल सिंह, संजय नूनियां, ओमप्रकाश चंदेलिया, दिनेश कटारिया, नरेंद्र सैनी, योगेश कुमार, विनोद कुमार, राजेश काजला, बाबूलाल सैनी, एडवोकेट छविप्रकाश कालीरावणा, विमलेश सैनी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।






