झुंझुनूं जिले के चिड़ावा शहर में खेतड़ी रोड स्थित पावर हाउस के सामने सोमवार को आर्टिगा कार और ऑटो के बीच आमने-सामने की टक्कर हो गई। हादसे में ऑटो में सवार एक महिला को हल्की चोटें आईं, जबकि दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात व्यवस्था सुचारू कराते हुए आगे की कार्रवाई शुरू की।
पावर हाउस के सामने हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आर्टिगा कार कबूतर खाना की ओर से खेतड़ी रोड की तरफ जा रही थी, जबकि ऑटो सूरजगढ़ मोड़ की ओर से आ रहा था। पावर हाउस के सामने दोनों वाहनों की आमने-सामने टक्कर हो गई।
हादसे में कार का अगला हिस्सा और ऑटो का आगे का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया।
ऑटो सवार महिला को आई हल्की चोट
टक्कर के दौरान ऑटो में सवार एक महिला को हल्की चोटें आईं। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत उसकी सहायता की। राहत की बात यह रही कि दुर्घटना में किसी प्रकार की गंभीर जनहानि नहीं हुई।
पुलिस ने संभाली यातायात व्यवस्था
घटना की सूचना पर चिड़ावा थाने से एएसआई अनिल कुमार, कांस्टेबल विकास एवं अन्य पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और सड़क पर बाधित यातायात को सामान्य कराया।
इसके बाद दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को थाने ले जाकर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी गई।






