झुंझुनूं। चिड़ावा थाना पुलिस ने गुजरात के एक व्यापारी से सोना दिलाने के नाम पर करीब 7 लाख रुपये की ठगी करने के मामले में दो और वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इससे पहले इस मामले में हिस्ट्रीशीटर रजनीश डारा सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त कैंपर वाहन भी जब्त किया जा चुका है।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है। मामले में अन्य पहलुओं की जांच जारी है।
सोशल मीडिया पर विज्ञापन देखकर हुआ था संपर्क
पुलिस के अनुसार, 9 अप्रैल 2026 को दर्ज रिपोर्ट में परिवादी ने बताया कि फेसबुक और इंस्टाग्राम पर सोना बेचने के विज्ञापन के माध्यम से उसकी मुलाकात आरोपी रजनीश डारा से हुई थी।
आरोपी ने 60 ग्राम सोना बैंक से छुड़वाकर देने का झांसा दिया। सौदा तय होने के बाद परिवादी ने 6.59 लाख रुपये आरटीजीएस के जरिए आरोपी के खाते में भेज दिए।
बंधक बनाकर फोन से भी ट्रांसफर कराए रुपये
रिपोर्ट के अनुसार, रकम मिलने के बाद आरोपी और उसके साथियों ने परिवादी को डराकर-धमकाकर बंधक बना लिया। उसे बिना नंबर की कैंपर गाड़ी में बैठाकर सुनसान स्थान पर छोड़ दिया।
आरोप है कि इस दौरान आरोपियों ने परिवादी के मोबाइल से फोन-पे के जरिए 37 हजार रुपये भी अलग-अलग खातों में ट्रांसफर करा लिए।
पहले तीन, अब दो और आरोपी गिरफ्तार
जांच के दौरान पुलिस ने पहले ही हिस्ट्रीशीटर रजनीश डारा, नितिश कुमार और मोहित उर्फ लाला को गिरफ्तार कर लिया था तथा घटना में प्रयुक्त कैंपर वाहन जब्त कर लिया था।
इसके बाद गठित विशेष टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर लगातार दबिश देकर दो अन्य वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया।
नवगिरफ्तार आरोपी
- आर्यन झाझड़िया (21) पुत्र सतबीर सिंह, निवासी क्यामसर, थाना सुलताना, जिला झुंझुनूं
- रितिक (21) पुत्र दीपक कुमार, निवासी वार्ड-12, राजगढ़, जिला चूरू
पूर्व में गिरफ्तार आरोपी
- रजनीश डारा (26) पुत्र विक्रम सिंह, निवासी किशोरपुरा, थाना सुलताना (हिस्ट्रीशीटर)
- नितिश कुमार (20) पुत्र मनीराम, निवासी लांबा गोठड़ा, थाना बगड़
- मोहित उर्फ लाला (24) पुत्र सुंदराम उर्फ सुरेंद्र, निवासी चिड़ावा
पुलिस रिमांड पर पूछताछ जारी
पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड प्राप्त किया है। अधिकारियों के अनुसार गिरोह के अन्य सदस्यों, ठगी के नेटवर्क और रकम के लेन-देन को लेकर गहन पूछताछ की जा रही है।





