चिड़ावा। चिड़ावा कस्बे में घर से सोने के आभूषण, नकदी और घरेलू सामान चोरी के मामले में पुलिस ने थाना स्तर की टॉप-10 सूची में शामिल मुख्य आरोपी ख्यालीराम (37) को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसे 7 अगस्त 2026 को नीमकाथाना उप कारागृह से प्रोडक्शन वारंट पर प्राप्त कर पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, इस मामले में आरोपी रवि कुमार को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की गई थी। अब मुख्य आरोपी ख्यालीराम से मामले में गहन पूछताछ और अनुसंधान किया जा रहा है।
घर लौटे तो टूटे मिले ताले, सामान बिखरा था
पुलिस के अनुसार, परिवादी ने रिपोर्ट दी थी कि 27 जुलाई 2026 को वह परिवार के साथ घर से बाहर गया था। वापस लौटने पर मुख्य गेट और अलमारी का ताला टूटा हुआ मिला तथा कमरे का सामान बिखरा हुआ था।
रिपोर्ट के अनुसार, अज्ञात चोर घर से सोने के आभूषण, 20 हजार रुपये नकद, घरेलू सामान और इलेक्ट्रॉनिक सामान चोरी कर ले गया था। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
CCTV और तकनीकी साक्ष्यों से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाली गई।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर तंत्र, तकनीकी साक्ष्यों और CCTV फुटेज के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया गया। इसके बाद रवि कुमार को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की गई।
जांच के दौरान ख्यालीराम का नाम सामने आने के बाद उसे प्रकरण में नामजद किया गया। पुलिस ने उसे थाना स्तर की टॉप-10 वांछित आरोपियों की सूची में शामिल कर तलाश शुरू की थी।
नीमकाथाना जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लाया गया
पुलिस के अनुसार, ख्यालीराम को 7 अगस्त 2026 को उप कारागृह नीमकाथाना से प्रोडक्शन वारंट के जरिए प्राप्त किया गया। इसके बाद अनुसंधान के तहत उसे गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान ख्यालीराम पुत्र मदनलाल, उम्र 37 वर्ष, निवासी गावड़ी, थाना सदर नीमकाथाना, जिला सीकर के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी से मामले में गहन पूछताछ जारी है और चोरी की घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है।
आरोपी के खिलाफ 15 मामले दर्ज होने का दावा
पुलिस ने बताया कि ख्यालीराम के खिलाफ पूर्व में चोरी और नकबजनी सहित 15 प्रकरण दर्ज हैं। पुलिस उसके आपराधिक रिकॉर्ड और वर्तमान मामले में उसकी भूमिका से जुड़े पहलुओं की भी जांच कर रही है।
इस कार्रवाई में पुलिस अधीक्षक झुंझुनूं कावेन्द्र सिंह सागर के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देवेंद्र सिंह राजावत के मार्गदर्शन, चिड़ावा वृत्ताधिकारी विकास धींधवाल के सुपरविजन और थानाधिकारी लक्ष्मी चंद वर्मा के नेतृत्व में गठित टीम ने कार्रवाई की।






