झुंझुनूं जिले के चिड़ावा शहर में वार्ड नंबर 4 में कथित अवैध शराब बिक्री के विरोध में स्थानीय लोगों का आक्रोश सामने आया। सामाजिक एकता मंच के बैनर तले बड़ी संख्या में वार्डवासियों ने उपखंड कार्यालय पहुंचकर नायब तहसीलदार बलबीर कुल्हरी को उपखंड अधिकारी के नाम ज्ञापन सौंपते हुए कार्रवाई की मांग की।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में लंबे समय से कथित रूप से अवैध शराब की बिक्री हो रही है, जिससे सामाजिक वातावरण प्रभावित हो रहा है और युवाओं पर इसका प्रतिकूल असर पड़ रहा है।
अवैध शराब बिक्री रोकने की उठी मांग
समिति अध्यक्ष सीताराम पंवार ने बताया कि वार्ड नंबर 4 में लंबे समय से कथित रूप से अवैध शराब का कारोबार संचालित हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस कारण क्षेत्र के युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है तथा सामाजिक व्यवस्था भी बिगड़ रही है।
उन्होंने आबकारी विभाग के कुछ अधिकारियों पर शराब माफियाओं से कथित मिलीभगत का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच और प्रभावी कार्रवाई की मांग की।
भूमि मालिक पर भी कार्रवाई की मांग
ज्ञापन में कहा गया कि वार्ड नंबर 4, 5 और 6 अनुसूचित जाति बहुल क्षेत्र हैं, जहां कथित अवैध शराब बिक्री के कारण सामाजिक माहौल प्रभावित हो रहा है। वार्डवासियों ने मांग की कि जिस स्थान पर कथित रूप से अवैध शराब की बिक्री हो रही है, उस भूमि के मालिक के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
साथ ही आबकारी विभाग को सख्त निर्देश जारी कर अवैध शराब कारोबार पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाने तथा संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग भी की गई।
कई स्थानीय लोग रहे मौजूद
ज्ञापन सौंपने के दौरान सामाजिक एकता मंच और वार्ड के अनेक लोग उपस्थित रहे। इनमें नगर अध्यक्ष बाबूलाल सोलंकी, बसंतलाल बसवाला, बजरंग बराला, रणधीर ओला, दलीप कुमार, गुलाब सिंह सहित अन्य स्थानीय नागरिक शामिल रहे।






