चिड़ावा। शहर के व्यापारियों के मोहल्ले में कथित तौर पर अवैध धारदार गंडासा लेकर घूम रहे एक व्यक्ति को चिड़ावा पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से गंडासा जब्त कर उसके खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार कार्रवाई 17 सितंबर 2026 को की गई। आरोपी की पहचान वसीम अकरम पुत्र अब्दुल हमीद, उम्र 38 वर्ष, निवासी वार्ड नंबर 13, व्यापारियों का मोहल्ला, चिड़ावा कॉलेज के पास, चिड़ावा के रूप में हुई है।
गंडासा लेकर घूमने की मिली थी सूचना
पुलिस को सूचना मिली थी कि व्यापारियों के मोहल्ले, टेकड़े के पास एक युवक हाथ में गंडासा लेकर घूम रहा है और आने-जाने वाले लोगों में भय का माहौल बना रहा है।
सूचना के बाद उप निरीक्षक बलबीर सिंह पुलिस टीम के साथ मौके के लिए रवाना हुए। पुलिस टीम ने मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए के व्यक्ति को मौके पर देखा।
पुलिस के अनुसार, पुलिस की गाड़ी और टीम को देखकर वह व्यक्ति वहां से धीरे-धीरे हटने का प्रयास करने लगा। पुलिस ने उसे मौके पर ही रोककर पूछताछ की।
तलाशी में मिला धारदार गंडासा
पूछताछ में व्यक्ति ने अपना नाम वसीम अकरम बताया। पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान उसके हाथ में लोहे का धारदार गंडासा मिला।
पुलिस ने उससे गंडासा रखने और सार्वजनिक स्थान पर उसे लेकर घूमने के संबंध में लाइसेंस एवं अनुज्ञापत्र के बारे में पूछा। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने कोई लाइसेंस या अनुज्ञापत्र होना नहीं बताया।
इसके बाद पुलिस ने धारदार गंडासा जब्त कर वसीम अकरम को गिरफ्तार कर लिया।
मामला दर्ज कर जांच शुरू
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में अभियोग दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया है। पुलिस कार्रवाई पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर के निर्देश पर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय देवेन्द्र सिंह राजावत के मार्गदर्शन और वृत्ताधिकारी चिड़ावा गौरव गुर्जर के सुपरविजन में की गई।
कार्रवाई थानाधिकारी लक्ष्मी चंद वर्मा के नेतृत्व में गठित टीम ने की।






