चिड़ावा। राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड की एलडीसी भर्ती परीक्षा के दौरान रविवार को चिड़ावा में उमस भरी गर्मी के बीच श्रीराम परिवार ने मानव सेवा की अनूठी मिसाल पेश की। जिले के 13 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा देने पहुंचे हजारों अभ्यर्थियों और उनके परिजनों को भीषण गर्मी से राहत दिलाने के लिए संगठन के सदस्यों ने विभिन्न केंद्रों के बाहर ठंडे पेयजल का वितरण किया।
पहली पारी की परीक्षा समाप्त होने के बाद परीक्षा केंद्रों से बाहर निकले अभ्यर्थी तेज धूप और उमस के कारण काफी परेशान नजर आए। वहीं कई घंटों से बाहर इंतजार कर रहे अभिभावकों को भी गर्मी का सामना करना पड़ा।
शॉर्ट नोटिस पर जुटे संगठन के सदस्य
श्रीराम परिवार के सदस्य पवन शर्मा नवहाल के आह्वान पर संगठन के सदस्य तुरंत एकत्रित हुए और परीक्षा केंद्रों पर जल सेवा अभियान शुरू किया।
सेवा कार्य की शुरुआत अडूकिया राजकीय विद्यालय से की गई। इसके बाद सेखसरिया कॉलेज और चिड़ावा कॉलेज के बाहर भी अभ्यर्थियों एवं उनके परिजनों को ठंडा पेयजल उपलब्ध कराया गया।
अभ्यर्थियों और अभिभावकों ने जताया आभार
दूर-दराज़ से परीक्षा देने आए अभ्यर्थियों और उनके परिजनों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि भीषण गर्मी में यह सेवा उनके लिए बड़ी राहत साबित हुई।
स्थानीय लोगों ने भी श्रीराम परिवार की सामाजिक जिम्मेदारी और सेवा भावना की प्रशंसा करते हुए इसे प्रेरणादायक पहल बताया।
सेवा कार्य में ये सदस्य रहे सक्रिय
इस जल सेवा अभियान में पवन शर्मा नवहाल, सुनील शर्मा, रजनीकांत मिश्रा, मनीष जांगिड़, अमित सैनी (गोलू), समीर सिंह शेखावत, नितेश जांगिड़, शेरा शर्मा नरहड़, अमित चोटिया, डॉ. पवन योगी, देवेंद्र वर्मा, मनोज शर्मा और अमित शर्मा सहित श्रीराम परिवार के अनेक सदस्य पूरे समय सेवा कार्य में जुटे रहे।






