चिड़ावा। शहर के मुख्य बाजार में आवारा सांडों की समस्या एक बार फिर सामने आई है। कल्याण राय मंदिर के पास गुरुवार को दिनदहाड़े दो सांड आपस में भिड़ गए।
दोनों के बीच हुई जोरदार लड़ाई के दौरान एक सांड पास स्थित मिठाई की दुकान में जा घुसा। अचानक हुई इस घटना से बाजार में अफरा-तफरी मच गई।
मिठाई, घी और तेल का सामान बिखरा
सांड के दुकान में घुसने से वहां रखा सामान अस्त-व्यस्त हो गया और कई चीजें टूट गईं। ग्राहकों के लिए रखी घी, तेल और मिठाइयां भी बिखर गईं। इस घटना में दुकानदार को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।
गनीमत रही कि घटना के समय दुकान में कोई ग्राहक मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
बाजार में राहगीरों और दुकानदारों को हादसे का डर
स्थानीय दुकानदारों और राहगीरों का कहना है कि मुख्य बाजार में आवारा सांडों का घूमना और आपस में भिड़ना आम हो गया है। सांडों की लड़ाई के कारण बाजार में आने-जाने वाले लोगों और दुकानदारों के लिए हादसे का खतरा बना रहता है।
लोगों के मुताबिक, इससे पहले भी सांडों की चपेट में आने से लोग घायल हो चुके हैं। ऐसे में बाजार क्षेत्र में आवारा पशुओं की समस्या से निजात दिलाने की जरूरत है।
व्यापारियों ने नगर पालिका से कार्रवाई की मांग की
घटना के बाद व्यापारियों ने नगर पालिका प्रशासन के प्रति नाराजगी जताई। व्यापारियों का आरोप है कि शिकायतों के बावजूद आवारा पशुओं को बाजार से हटाने के लिए प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है।
व्यापारियों ने नगर पालिका से आवारा सांडों को जल्द पकड़कर बाजार क्षेत्र से हटाने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।






