चिड़ावा थाना पुलिस ने कस्बे से दिनदहाड़े चोरी हुई मोटरसाइकिल के मामले का 24 घंटे से कम समय में खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई बजाज प्लेटिना मोटरसाइकिल भी बरामद की है।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक कावेंद्र सिंह सागर (आईपीएस) के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देवेंद्र सिंह राजावत के मार्गदर्शन तथा वृताधिकारी विकास धींधवाल के सुपरविजन में थानाधिकारी लक्ष्मीचंद वर्मा के नेतृत्व में गठित टीम ने की।

दुकान के बाहर से चोरी हुई थी बाइक

पुलिस के अनुसार, 26 जुलाई 2026 को परिवादी ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह पिलानी रोड स्थित शर्मा लॉज के पास अगरबत्ती का व्यवसाय करता है। दोपहर करीब 1:35 बजे उसकी आरजे-18 एसएल-4885 नंबर की मोटरसाइकिल दुकान के बाहर खड़ी थी, जिसे अज्ञात व्यक्ति चोरी कर ले गया।

रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।

सूरजगढ़ में मिला सुराग, आरोपी गिरफ्तार

जांच के दौरान पुलिस को सूरजगढ़ थाना से सूचना मिली कि चिड़ावा से चोरी की गई प्लेटिना मोटरसाइकिल लेकर जा रहा एक व्यक्ति संतुलन बिगड़ने से सड़क पर गिर गया है। सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

अनुसंधान में आरोप प्रमाणित पाए जाने पर 27 जुलाई 2026 को आरोपी सुवाराम उर्फ मांगेराम (30) निवासी मंडावरा, थाना उदयपुरवाटी, जिला झुंझुनूं को गिरफ्तार कर लिया गया। उसकी निशानदेही पर चोरी की गई मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली गई।

मेथी बेचने के बहाने करता था रेकी

पुलिस के अनुसार, आरोपी शराब पीने का आदी है। वह अपने साथ मेथी के पैकेट रखकर उन्हें बेचने के बहाने विभिन्न गलियों में घूमता था और सुनसान स्थानों पर खड़ी मोटरसाइकिलों की रेकी कर चोरी की वारदात को अंजाम देता था।

पुलिस आरोपी से अन्य वाहन चोरी की घटनाओं और संभावित साथियों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है।

पहले भी जा चुका है जेल

पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ पूर्व में हत्या सहित अन्य धाराओं में दर्ज एक आपराधिक प्रकरण भी रहा है, जिसमें वह जेल जा चुका है।

Best JEE Coaching Jhunjhunu City

The most trusted source for latest news, breaking news and detailed analysis of Jhunjhunu, Sikar and Churu district. We bring news directly to you from Jhunjhunu, Nawalgarh, Mandawa, Chirawa, Udaipurwati,...