चिड़ावा नगरपालिका के नव नियुक्त अधिशासी अधिकारी (ईओ) गौतम शर्मा ने सोमवार को विधिवत कार्यभार ग्रहण कर लिया। पदभार संभालने से पहले उन्होंने नगर देव परमहंस पंडित गणेश नारायण ‘बावलिया बाबा’ के समाधि स्थल और श्याम मंदिर में दर्शन कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
इसके बाद गौतम शर्मा नगरपालिका कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने अधिशासी अधिकारी का औपचारिक कार्यभार संभाला। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, शुभचिंतकों तथा नगरपालिका अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उनका स्वागत किया।
जनकल्याण और सफाई व्यवस्था होगी प्राथमिकता
कार्यभार ग्रहण करने के बाद गौतम शर्मा ने कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पारदर्शी और प्रभावी तरीके से पहुंचाना होगी।
उन्होंने कहा कि शहर की सफाई व्यवस्था को अधिक व्यवस्थित और बेहतर बनाने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे। साथ ही नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और नगरपालिका कर्मचारियों के सहयोग से विकास कार्यों को गति दी जाएगी।
समन्वय से होगा शहर का विकास
नव नियुक्त ईओ ने भरोसा दिलाया कि नगरपालिका में पारदर्शी, जवाबदेह और जनहितकारी कार्यशैली अपनाई जाएगी। उन्होंने कहा कि आमजन की अपेक्षाओं के अनुरूप कार्य करते हुए शहर के समग्र विकास के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे।
कार्यभार ग्रहण के साथ ही नगरपालिका में नई प्रशासनिक जिम्मेदारी का औपचारिक आगाज हुआ। उपस्थित लोगों ने उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में नगरपालिका की व्यवस्थाओं में सुधार होगा और विकास कार्यों को नई गति मिलेगी।
बड़ी संख्या में मौजूद रहे जनप्रतिनिधि
कार्यक्रम में भाजपा युवा मोर्चा नगर अध्यक्ष अशोक शर्मा, पूर्व पार्षद रवि शर्मा, पूर्व जिला महामंत्री अमर सिंह तंवर, गौतम शर्मा के पिता ओमप्रकाश शर्मा, युवा नेता निखिल मावंडिया, राकेश पाटन, विशाल सुलतानिया, भाजपा नगर अध्यक्ष पवन शर्मा नवहाल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, शुभचिंतक और नगरपालिका का स्टाफ उपस्थित रहा।





