चिड़ावा। नगर पालिका उपाध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर मंगलवार को नामांकन प्रक्रिया पूरी हुई। उपाध्यक्ष पद के लिए कुल 12 पार्षदों ने नामांकन फॉर्म दाखिल किए हैं।
नामांकन दाखिल करने वालों में मेहर कटारिया, गंगाधर सैनी, मदन डारा, अभय सिंह बडेसरा, विनोद डांगी, सुशीला निरंजन सैनी, संगीता भगेरिया, सीता, राकेश पाटन वाला, संजू बाई, संगीता शेखावत और निखिल मावंडिया शामिल हैं।
भाजपा से अभय सिंह बडेसरा मैदान में
नामांकन प्रक्रिया के दौरान अभय सिंह बडेसरा ने भाजपा की ओर से उपाध्यक्ष पद के लिए नामांकन पत्र दाखिल किया। वहीं, उपलब्ध जानकारी के अनुसार कांग्रेस की ओर से फिलहाल किसी पार्षद ने नामांकन दाखिल नहीं किया है।
नाम वापसी के बाद साफ होगी तस्वीर
उपाध्यक्ष पद के लिए बड़ी संख्या में नामांकन दाखिल होने के बाद नगरपालिका की राजनीति में चर्चाएं तेज हो गई हैं। हालांकि, अभी अंतिम मुकाबले की तस्वीर स्पष्ट नहीं है।
नामांकन पत्रों की जांच और नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद यह स्पष्ट होगा कि मैदान में कितने प्रत्याशी रह जाते हैं। इसके बाद उपाध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर स्थिति साफ होगी।
अब सभी की नजरें नाम वापसी और पार्षदों के रुख पर टिकी हैं।






