झुंझुनूं जिले के चिड़ावा निवासी नितिन सिंह राठौड़ ने थाईलैंड में आयोजित 9वीं हीरोज ताइक्वांडो इंटरनेशनल चैंपियनशिप (टी-1 रैंकिंग) में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीतकर क्षेत्र और जिले का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है।
पटाया (थाईलैंड) में 31 जुलाई से 2 अगस्त तक आयोजित इस प्रतियोगिता के 58 किलोग्राम भार वर्ग के फाइनल मुकाबले में नितिन सिंह राठौड़ ने वियतनाम के खिलाड़ी को हराकर गोल्ड मेडल अपने नाम किया।
40 से अधिक देशों के खिलाड़ियों के बीच शानदार प्रदर्शन
आयोजकों के अनुसार प्रतियोगिता में 40 से अधिक देशों के करीब 5,000 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। नितिन ने स्वर्ण पदक तक पहुंचने के दौरान लगातार तीन मुकाबले जीतते हुए थाईलैंड, चीन और फाइनल में वियतनाम के खिलाड़ियों को पराजित किया।
चिड़ावा में चलाते हैं ताइक्वांडो अकादमी
नितिन सिंह राठौड़ चिड़ावा के गौशाला रोड स्थित एनएसआर स्पोर्ट्स अकादमी का संचालन करते हैं, जहां बच्चों को ताइक्वांडो और सेल्फ डिफेंस का प्रशिक्षण दिया जाता है। अकादमी से प्रशिक्षण प्राप्त खिलाड़ी रोहिताश्व और हीरालाल का चयन भारतीय सेना में भी हो चुका है।
क्षेत्र में खुशी का माहौल
नितिन सिंह राठौड़ की इस उपलब्धि पर क्षेत्र में खुशी का माहौल है। मनोज मान, नरेश कुमार डांगी, राकेश जांगिड़, संजय शर्मा, समीर सिंह शेखावत, विवेक मित्तल, सुदीप कटेवा और रजनीश सोलंकी सहित अनेक खेल प्रेमियों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।






