चिड़ावा। गौशाला रोड स्थित NSR एकेडमी में ताइक्वांडो खिलाड़ियों के लिए NSR Fight Day का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में फ्रेशर कैटेगरी सहित अंडर-8, अंडर-12 और अंडर-14 वर्ग में खिलाड़ियों के बीच मुकाबले हुए।
विभिन्न वर्गों में खिलाड़ियों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया और मुकाबलों में अपनी खेल प्रतिभा व दमखम का प्रदर्शन किया।
चार कैटेगरी में हुए मुकाबले
एकेडमी के कोच नितिन सिंह राठौड़ ने बताया कि प्रतियोगिता में अलग-अलग कैटेगरी के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। मुकाबलों के दौरान खिलाड़ियों में उत्साह नजर आया।
प्रतियोगिता में पार्थ, काव्या और वेदांशी ने स्वर्ण पदक हासिल किया। शानदार प्रदर्शन के आधार पर वेदांशी को बेस्ट फाइटर के खिताब से सम्मानित किया गया।
वहीं हर्षित, देविका और आराध्या ने रजत पदक प्राप्त किया।
पदक विजेताओं को मेडल और मोमेंटो से किया सम्मानित
प्रतियोगिता के समापन पर सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में भाजपा नगर मंडल उपाध्यक्ष पवन शर्मा नवहाल मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। इसके बाद पदक विजेता खिलाड़ियों को मेडल और मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया।
खिलाड़ियों और अभिभावकों में दिखा उत्साह
कार्यक्रम के दौरान खिलाड़ियों के साथ उनके अभिभावकों में भी उत्साह नजर आया। आयोजन का उद्देश्य खिलाड़ियों को प्रतियोगिता का अनुभव देने और ताइक्वांडो के प्रति उनकी रुचि को बढ़ावा देना रहा।
इस अवसर पर शुभम जोशी, पूनम महला, लोकेश जांगिड़ सहित अन्य गणमान्यजन मौजूद रहे।






