झुंझुनूं जिले के चिड़ावा क्षेत्र में जमीन और रास्ते के पुराने विवाद को लेकर कथित मारपीट, लूट और घर में घुसकर महिलाओं से मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना में तीन लोग घायल हुए हैं, जिनका मेडिकल कराया गया है।
रास्ता रोककर हमला करने और नकदी छीनने का आरोप
पुलिस को दी रिपोर्ट में खेमू की ढाणी निवासी विक्रम सिंह पुत्र श्रीचंद ने बताया कि वह गुढ़ा गौड़जी स्थित एक खल की दुकान पर कार्य करता है। रविवार सुबह करीब 6:30 बजे वह रोज की तरह मोटरसाइकिल से ड्यूटी पर जा रहा था।
आरोप है कि अनाज मंडी के पास अरडावता रोड पर एक कैम्पर गाड़ी ने उसकी बाइक के आगे वाहन लगाकर रास्ता रोक लिया। पीड़ित के अनुसार, गाड़ी में करीब पांच युवक सवार थे और वाहन की नंबर प्लेट पर कपड़ा बंधा हुआ था। उसने अपने ताऊ के पुत्र नरेश कुमार की पहचान करने का दावा किया है, जबकि अन्य आरोपितों को वह नहीं पहचानता।
पीड़ित का आरोप है कि हमलावरों ने सरिया और लोहे के पाइप से उसके साथ मारपीट की। उसने बताया कि उसके पास दुकान मालिक द्वारा दिए गए ₹3.65 लाख नकद थे, जिन्हें किसी पार्टी को भुगतान करना था अथवा बस के माध्यम से भेजा जाना था। आरोप है कि हमलावर नकदी और उसके हाथ में पहनी घड़ी छीनकर फरार हो गए।
आधे घंटे बाद घर पहुंचकर महिलाओं से मारपीट का आरोप
रिपोर्ट के अनुसार, घटना के लगभग आधे घंटे बाद वही युवक पीड़ित के घर पहुंच गए। उस समय घर पर मौजूद उसकी पत्नी और भाई की पत्नी के साथ भी सरिया और लोहे के पाइप से मारपीट किए जाने का आरोप लगाया गया है।
इस घटना में दोनों महिलाओं को चोटें आईं। कुल मिलाकर विक्रम सिंह, उसकी पत्नी और भाई की पत्नी सहित तीन लोग घायल हुए हैं।
जमीन और रास्ते के पुराने विवाद से जुड़ा मामला
पीड़ित परिवार का कहना है कि आरोपितों के साथ लंबे समय से जमीन और रास्ते को लेकर विवाद चल रहा है। उनका आरोप है कि पहले भी कई बार इसी विवाद को लेकर तनाव की स्थिति बन चुकी है और इसी रंजिश के चलते यह घटना हुई।
पुलिस ने पीड़ित की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। घायलों का मेडिकल कराया गया है और पूरे घटनाक्रम की विभिन्न पहलुओं से जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।






