शेखावाटी लाइव ने कल इस मामले से जुड़ा समाचार किया था प्रकाशित
चिड़ावा नगर पालिका ने शहर की सड़कों पर पाइपलाइन मरम्मत के बाद खुले छोड़े गए गड्ढों को लेकर सख्त रुख अपनाया है। पालिका ने जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (पीएचईडी) के सहायक अभियंता को नोटिस जारी कर तीन दिन के भीतर सभी गड्ढों की मरम्मत और सड़क बहाली के निर्देश दिए हैं।
नगर पालिका का कहना है कि खुले गड्ढों के कारण आमजन को आवागमन में परेशानी हो रही है और सड़क दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना हुआ है।
संपर्क पोर्टल पर लगातार मिल रही थीं शिकायतें
पालिका की ओर से जारी नोटिस में बताया गया है कि पाइपलाइन लीकेज और अन्य कार्यों के लिए कई स्थानों पर सड़कें खोदी गई थीं, लेकिन 7 जुलाई 2026 तक मरम्मत कार्य पूरा नहीं किया गया। इस कारण नगर पालिका कार्यालय और संपर्क पोर्टल पर लगातार शिकायतें प्राप्त हो रही थीं।
पालिका ने संबंधित विभाग को निर्देश दिए हैं कि नोटिस मिलने के तीन दिनों के भीतर सभी स्थानों पर रिपेयर कार्य पूरा किया जाए।
दुर्घटना होने पर विभाग होगा जिम्मेदार
नगर पालिका ने स्पष्ट किया है कि यदि तय समय सीमा में मरम्मत नहीं कराई गई और भविष्य में किसी प्रकार की जनहानि या सड़क दुर्घटना होती है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभाग की होगी।
नोटिस की प्रतिलिपि जिला कलक्टर झुंझुनूं, उपखंड अधिकारी चिड़ावा सहित अन्य संबंधित अधिकारियों को भी भेजी गई है, ताकि मामले की निगरानी और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
इन स्थानों पर तत्काल मरम्मत के निर्देश
नगर पालिका द्वारा जारी नोटिस में जिन स्थानों का विशेष रूप से उल्लेख किया गया है, उनमें वार्ड संख्या 13 तथा चुंगी नाका नंबर-3 से मुख्य बाजार जाने वाली सड़क शामिल है। पालिका ने कहा है कि सार्वजनिक मार्गों पर खुले गड्ढों को जल्द भरकर सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित किया जाए।






