झुंझुनूं पुलिस ने वांछित अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चिड़ावा थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने के मामले में करीब एक वर्ष से फरार चल रहे थाना स्तर के टॉप-10 वांछित आरोपी विकास को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र सिंह राजावत, वृत्ताधिकारी विकास धींधवाल के सुपरविजन तथा थानाधिकारी लक्ष्मी चंद वर्मा के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने की।
पीड़िता ने लगाए थे गंभीर आरोप
पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने रिपोर्ट में आरोप लगाया था कि चिड़ावा में मजदूरी के दौरान उसकी मुलाकात आरोपी विकास से हुई। आरोपी ने उससे शादी करने का वादा किया और अपने साथ रखा। शिकायत के अनुसार, इसके बाद उसने करीब चार वर्षों तक उसकी इच्छा के विरुद्ध दुष्कर्म किया।
रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
एक वर्ष से था फरार
पुलिस जांच में आरोपी के विरुद्ध आरोपों की पुष्टि होने के बाद उसकी गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई। साथ ही उसे थाना स्तर की टॉप-10 वांछित अपराधियों की सूची में शामिल किया गया।
पुलिस को 28 जुलाई को मिली सूचना के आधार पर विशेष टीम ने चिड़ावा कस्बे से आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसके बाद उसे मामले में गिरफ्तार कर लिया गया।
फरारी के दौरान कई राज्यों में बदले ठिकाने
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि फरारी के दौरान वह ट्रक और बस चालक के रूप में काम करता रहा तथा जयपुर, अहमदाबाद, गुजरात और चंडीगढ़ सहित विभिन्न स्थानों पर रहकर गिरफ्तारी से बचता रहा।
पुलिस के अनुसार, आरोपी को 29 जुलाई को न्यायालय में पेश किया जाएगा।






