चिड़ावा (झुंझुनूं)। शहर में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा अपराधियों और असामाजिक तत्वों में पुलिस का भय कायम रखने के उद्देश्य से शुक्रवार शाम चिड़ावा थाना पुलिस ने फ्लैग मार्च निकाला। थानाधिकारी राजेंद्र कुमार मीणा के नेतृत्व में निकले इस मार्च में पुलिस, क्यूआरटी (QRT) और आरएसी (RAC) के जवानों ने भाग लिया।
हथियारबंद पुलिस बल ने शहर के प्रमुख बाजारों और संवेदनशील क्षेत्रों में पैदल मार्च कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया तथा आमजन को सुरक्षा का संदेश दिया।
संवेदनशील इलाकों में किया पैदल मार्च
फ्लैग मार्च की शुरुआत चिड़ावा थाना परिसर से हुई। इसके बाद पुलिस दल गांधी चौक, मैन बाजार, कबूतर खाना, मंड्रेला मोड़ होते हुए पुनः कबूतर खाना और नया बस स्टैंड स्थित पुलिस चौकी तक पहुंचा।
इस दौरान पुलिस ने संवेदनशील क्षेत्रों में गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की और कानून-व्यवस्था बनाए रखने का संदेश दिया।
अपराधियों को सख्त चेतावनी
फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शहर में होने वाली हर छोटी-बड़ी आपराधिक गतिविधि पर पुलिस की कड़ी नजर रहेगी। किसी भी प्रकार की अवैध या असामाजिक गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
थानाधिकारी राजेंद्र कुमार मीणा ने कहा कि फ्लैग मार्च का उद्देश्य आमजन में सुरक्षा का विश्वास मजबूत करना और अपराधियों को यह संदेश देना है कि पुलिस पूरी तरह सतर्क एवं सक्रिय है।
क्यूआरटी और आरएसी भी रही साथ
इस फ्लैग मार्च में एएसआई मुकेश, एएसआई सुभाष, हेड कांस्टेबल जगदीप राव, कांस्टेबल विकास कुमार सहित चिड़ावा थाना पुलिस का जाब्ता, क्यूआरटी टीम और आरएसी के जवान शामिल रहे।
पुलिस की इस कार्रवाई से शहर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सकारात्मक माहौल देखने को मिला और आमजन ने भी इसे कानून-व्यवस्था के प्रति पुलिस की सक्रियता का संदेश माना।






