झुंझुनूं जिले के चिड़ावा रेलवे स्टेशन से लाखू बाईपास मार्ग पर बने रेलवे अंडरपास में बारिश के बाद एक बार फिर भारी जलभराव हो गया। पानी भरने से दोपहिया, चारपहिया वाहनों और पैदल राहगीरों का आवागमन प्रभावित हुआ। समस्या से नाराज स्थानीय लोगों ने अंडरपास पर प्रदर्शन कर प्रशासन से स्थायी समाधान की मांग की।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि हल्की बारिश के बाद भी अंडरपास में पानी भर जाता है, जिससे यह मार्ग कई घंटों तक बाधित रहता है और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
हर मानसून में दोहराई जाती है समस्या
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह समस्या नई नहीं है। हर वर्ष मानसून के दौरान रेलवे अंडरपास में जलभराव होने से यातायात बाधित हो जाता है, लेकिन अब तक संबंधित विभागों की ओर से स्थायी समाधान नहीं किया गया।
प्रदर्शन के दौरान लोगों ने प्रशासन और संबंधित विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए शीघ्र कार्रवाई की मांग की।
अंडरपास को कवर करने की उठी मांग
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि अंडरपास दोनों ओर से खुला होने के कारण बारिश का पानी तेजी से अंदर जमा हो जाता है। अधिक जलभराव की स्थिति में कई वाहन बीच रास्ते में बंद हो जाते हैं, जिससे लंबा जाम लग जाता है और लोगों की आवाजाही पूरी तरह प्रभावित होती है।
उन्होंने मांग की कि अंडरपास को कवर करने सहित ऐसा स्थायी समाधान किया जाए, जिससे भविष्य में बारिश के दौरान जलभराव की समस्या दोबारा उत्पन्न न हो।
आंदोलन तेज करने की चेतावनी
स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
प्रदर्शन के दौरान डॉ. अनुराग सिंह, राकेश योगी, ऋषि झाझड़िया, दिनेश झाझड़िया, विद्याधर, विकास गर्ग, शीशराम, सांवरमल, बबलू झाझड़िया, गुरुदयाल, मुकेश गुर्जर, वीरू, सुभाष मेघवाल सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।






