झुंझुनूं जिले के चिड़ावा में सैनिक कल्याण बोर्ड कार्यालय में तोड़फोड़ और मारपीट के मामले में पुलिस ने आरोपी विक्रम सिंह को गिरफ्तार किया है।

आरोपी की पहचान अरड़ावता निवासी विक्रम सिंह (40) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार वह भूतपूर्व सार्जेंट है।

शिक्षा भत्ता क्लेम की जानकारी लेने पहुंचा था

पुलिस के मुताबिक, 19 अगस्त 2026 को विक्रम सिंह अपने बच्चों के शिक्षा भत्ता क्लेम की ऑनलाइन स्थिति की जानकारी लेने सैनिक कल्याण बोर्ड कार्यालय पहुंचा था।

उसने अपना क्लेम फॉर्म ऑनलाइन भरा था, लेकिन उस समय केंद्रीय सैनिक बोर्ड की वेबसाइट काम नहीं कर रही थी। कर्मचारियों ने उसे बाहर बैठने और वेबसाइट शुरू होने पर जानकारी देने की बात कही।

आरोप है कि इसके बाद विक्रम सिंह विवाद करने लगा और कर्मचारियों से अभद्र भाषा में बात करते हुए गाली-गलौच करने लगा।

बेसबॉल बैट लेकर दोबारा कार्यालय पहुंचा

पुलिस के अनुसार विवाद के बाद आरोपी कार्यालय से बाहर चला गया। कुछ समय बाद वह कथित तौर पर बेसबॉल बैट लेकर दोबारा सैनिक कल्याण बोर्ड कार्यालय में पहुंचा।

आरोप है कि कार्यालय में प्रवेश करते ही उसने बैट से शीशे के दरवाजे पर कई वार किए, जिससे शीशे टूटकर चारों तरफ बिखर गए।

तोड़फोड़ के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

पहले शांतिभंग में किया गया था गिरफ्तार

घटना की सूचना मिलते ही चिड़ावा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आरोपी विक्रम सिंह को शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार किया था।

पुलिस ने उसके वाहन को धारा 207 एमवी एक्ट के तहत जब्त किया।

बाद में सैनिक कल्याण बोर्ड की ओर से रिपोर्ट मिलने पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरू की।

जांच के बाद आरोपी की गिरफ्तारी

पुलिस के अनुसार अनुसंधान के दौरान आरोपी विक्रम सिंह के खिलाफ लगाए गए आरोप प्रथम दृष्टया साबित पाए गए। इसके बाद उसे 20 अगस्त 2026 को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस आरोपी को 21 अगस्त 2026 को न्यायालय में पेश करेगी।

एसपी के निर्देशन में हुई कार्रवाई

यह कार्रवाई झुंझुनूं पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर के निर्देशन में की गई।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय देवेंद्र सिंह राजावत के मार्गदर्शन तथा चिड़ावा वृताधिकारी गौरव गुर्जर के सुपरविजन में थानाधिकारी लक्ष्मीचंद वर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की।

पुलिस अब मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

Best JEE Coaching Jhunjhunu City

The most trusted source for latest news, breaking news and detailed analysis of Jhunjhunu, Sikar and Churu district. We bring news directly to you from Jhunjhunu, Nawalgarh, Mandawa, Chirawa, Udaipurwati,...