चिड़ावा। वन विभाग ने चिड़ावा और सुल्ताना क्षेत्र में गश्त के दौरान कार्रवाई करते हुए खेजड़ी की लकड़ी से भरी दो पिकअप गाड़ियों को पकड़ा है।
वन विभाग के अनुसार, दोनों वाहनों की जांच की गई तो उनमें हरी और गीली खेजड़ी की लकड़ियां भरी मिलीं। लकड़ी की कुल मात्रा करीब 60 क्विंटल आंकी गई है।
हरियाणा ले जाने की थी तैयारी
वन विभाग के मुताबिक, जब्त की गई खेजड़ी की लकड़ी को अवैध रूप से हरियाणा ले जाया जा रहा था। कार्रवाई के दौरान दोनों पिकअप वाहनों के चालक मौके का फायदा उठाकर फरार हो गए।
वन विभाग की टीम ने दोनों वाहनों और उनमें मिली लकड़ी को अपने कब्जे में ले लिया है।
नवलगढ़, झुंझुनूं और चिड़ावा की टीमें शामिल
यह कार्रवाई उप वन संरक्षक झुंझुनूं काव्या पी.बी. और सहायक वन संरक्षक अनिता के निर्देशानुसार की गई।
अभियान में नवलगढ़, झुंझुनूं और चिड़ावा के गश्ती दल शामिल रहे। टीम ने जब्त लकड़ी और दोनों पिकअप वाहनों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
वन विभाग की ओर से फरार चालकों की तलाश और मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है।






