झुंझुनूं जिले के चिड़ावा कस्बे में गुरुवार रात एक दर्दनाक रेल हादसे में 40 वर्षीय युवक की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। मृतक की पहचान रणजीत पुत्र गोपीराम मेघवाल निवासी निजामपुरा ओजटू के रूप में हुई है। हादसा रात करीब 9 बजे अरड़ावता रोड फाटक के आगे स्थित अंडरपास के पास हुआ। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतक के शराब के नशे में होने की बात सामने आई है। हालांकि, घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही होगी।
सिरसा-कोटा एक्सप्रेस की चपेट में आया युवक
जानकारी के अनुसार ट्रेन संख्या 19808 सिरसा-कोटा एक्सप्रेस चिड़ावा रेलवे स्टेशन से रतनशहर की ओर रवाना हुई थी। इसी दौरान रेलवे ट्रैक पर मौजूद रणजीत ट्रेन की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही चिड़ावा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस ने शव को चिड़ावा उप जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।
घटनास्थल का निरीक्षण चिड़ावा थाने के उपनिरीक्षक बलवीर, कांस्टेबल विकास डारा और चालक बिजेंद्र ने किया। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
तीन मासूम बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
मृतक रणजीत विवाहित था। परिवार में उसकी पत्नी, एक बेटी और दो छोटे बेटे हैं। अचानक हुई इस दुर्घटना से परिवार पर गहरा दुख छा गया है। गांव में भी शोक का माहौल है और परिजन सदमे में हैं।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही हादसे के कारणों को लेकर आगे की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।






