चिड़ावा। शहर के वार्ड नंबर 33 में विधायक कोटे से स्वीकृत ट्यूबवेल की बोरिंग होने के बावजूद करीब दो माह से उसे चालू नहीं किया गया है। इससे नाराज वार्डवासियों ने गुरुवार को एसडीएम कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा और जल्द ट्यूबवेल चालू कराने की मांग की।
पूर्व पार्षद एवं पार्षद प्रतिनिधि निखिल चौधरी, वार्ड 5 के पार्षद लोकेश कटारिया और वार्ड 4 के पार्षद नवनीत लाटा की अगुवाई में वार्डवासी एसडीएम कार्यालय पहुंचे। एसडीएम की अनुपस्थिति में उन्होंने नायब तहसीलदार बलवीर कुल्हरी को ज्ञापन सौंपा।
1100 फीट की स्वीकृति, 825 फीट बोरिंग का आरोप
ज्ञापन में बताया गया कि वार्ड 33 में सूखे कुएं के स्थान पर विधायक कोटे से नया बोरवेल स्वीकृत किया गया था। हालांकि, काफी समय तक बोरिंग का काम शुरू नहीं हुआ। बाद में अधिकारियों और संभागीय आयुक्त के हस्तक्षेप के बाद कार्य शुरू हुआ।
वार्डवासियों का आरोप है कि ट्यूबवेल की स्वीकृति 1100 फीट की थी, लेकिन ठेकेदार ने कथित तौर पर केवल 825 फीट तक ही बोरिंग की। लोगों के अनुसार, मौके पर मौजूद वार्डवासियों ने जलदाय विभाग के अधिकारियों को इसकी जानकारी दी, लेकिन ठेकेदार ने उनकी बात नहीं मानी और अपने स्तर पर काम जारी रखा।
ज्ञापन में ठेकेदार के व्यवहार को लेकर भी नाराजगी जताई गई है। वार्डवासियों का आरोप है कि ठेकेदार ने मौके पर लोगों से कथित तौर पर कहा कि वे इस बोरवेल को चालू करवाकर दिखा दें।
12 माह से टैंकरों के भरोसे वार्डवासी
वार्डवासियों के अनुसार, यह ट्यूबवेल आसपास के तीन वार्डों में पेयजल आपूर्ति के लिए महत्वपूर्ण है। पिछले करीब 12 माह से लोग पानी के टैंकरों पर निर्भर हैं।
लोगों का कहना है कि बोरवेल स्वीकृत होने और बोरिंग का काम होने के बावजूद ट्यूबवेल चालू नहीं होने से पेयजल संकट बना हुआ है। वे पिछले दो माह से जलदाय विभाग के अधिकारियों से लगातार समस्या के समाधान की मांग कर रहे हैं, लेकिन उन्हें हर बार दो से पांच दिन में काम होने का आश्वासन दिया जाता रहा।
एईएन ने 5 दिन में समाधान का दिया आश्वासन
एसडीएम कार्यालय में ज्ञापन देने के बाद वार्डवासी जलदाय विभाग कार्यालय पहुंचे। वहां उन्होंने एईएन निशा को भी ज्ञापन सौंपकर ट्यूबवेल जल्द चालू कराने की मांग की।
एईएन ने 5 दिन के भीतर समस्या का समाधान करने का आश्वासन दिया। दूसरी ओर, वार्डवासियों ने स्पष्ट किया कि यदि 7 दिन में ट्यूबवेल चालू नहीं हुआ तो वे आंदोलन करेंगे।
ज्ञापन देने के दौरान ये लोग रहे मौजूद
इस दौरान पार्षद प्रतिनिधि निखिल चौधरी, पार्षद नवनीत लाटा, पार्षद लोकेश कटारिया, सुशील सैनी, राकेश कुमार, राजकमल, अजीत शर्मा, सुशील, राधेश्याम, मुकेश, सावन लाटा सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी मौजूद रहे।






