राजस्थान पुलिस द्वारा प्रदेशभर में चलाए जा रहे महिला सुरक्षा संकल्प अभियान के तहत चिड़ावा क्षेत्र के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में मंगलवार को जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रमों का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को उनकी सुरक्षा, कानूनी अधिकारों, साइबर अपराधों से बचाव और पुलिस की सुरक्षा सेवाओं के प्रति जागरूक बनाना रहा।

अभियान के अंतर्गत मॉडर्न चिल्ड्रन सीनियर सेकेंडरी स्कूल, चिड़ावा, जीवनी बी.एड. कॉलेज, अडूका तथा पी.जी.एन. लाइब्रेरी, चिड़ावा में विशेष जागरूकता सत्र आयोजित किए गए।

महिला सुरक्षा और साइबर अपराधों से बचाव की दी जानकारी

कार्यक्रमों में कालिका यूनिट की प्रमिला ने छात्राओं और महिलाओं को महिला सुरक्षा संकल्प अभियान के उद्देश्य, महिलाओं एवं बच्चों से जुड़े अपराधों की पहचान, उनसे बचाव के उपाय तथा आवश्यकता पड़ने पर पुलिस सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

इसके साथ ही ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, ओटीपी साझा करने के खतरे, सोशल मीडिया फ्रॉड और डिजिटल सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर भी जागरूक किया गया। प्रतिभागियों से किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई।

राजकोप सिटीजन ऐप और यातायात नियमों पर भी जागरूकता

जागरूकता कार्यक्रम में राजस्थान पुलिस के राजकोप सिटीजन ऐप के उपयोग की जानकारी भी दी गई। प्रतिभागियों को ऐप के माध्यम से शिकायत दर्ज कराने, आपातकालीन सहायता प्राप्त करने और अन्य पुलिस सेवाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया समझाई गई।

इसके अलावा सड़क सुरक्षा को लेकर हेलमेट और सीट बेल्ट के उपयोग, निर्धारित गति सीमा का पालन तथा सुरक्षित यातायात व्यवहार अपनाने के लिए भी प्रेरित किया गया।

29 जुलाई तक चलेगा अभियान

राजस्थान पुलिस के निर्देशानुसार जिलेभर में 1 जुलाई से 29 जुलाई 2026 तक महिला सुरक्षा संकल्प अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत संपर्क सभाएं, कार्यशालाएं, संवाद कार्यक्रम, जागरूकता रैलियां, आत्मरक्षा प्रशिक्षण, साइबर सुरक्षा गतिविधियां और अन्य जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि महिलाओं और बालिकाओं में सुरक्षा के प्रति विश्वास और जागरूकता को और अधिक मजबूत किया जा सके।

Best JEE Coaching Jhunjhunu City

The most trusted source for latest news, breaking news and detailed analysis of Jhunjhunu, Sikar and Churu district. We bring news directly to you from Jhunjhunu, Nawalgarh, Mandawa, Chirawa, Udaipurwati,...

Manish Sharma is a News Author covering Chirawa. He is committed to providing accurate, timely, and reliable coverage of local news, including civic issues, government updates, education, crime, politics,...