धनूरी। आगामी पंचायतीराज चुनाव 2026 के मद्देनजर पुलिस गश्त के दौरान चुड़ैला गांव में तलवार लहराने की सूचना मिली।

पुलिस के अनुसार, आसूचना अधिकारी कांस्टेबल अजीत सिंह ने सूचना दी कि विक्रम पुत्र सुरेंद्र सिंह अपने घर के आगे स्थित चौक में हाथ में तलवार लेकर उसे लहरा रहा है।

सूचना पर धनूरी थाना पुलिस की टीम वीणा वंदना सीनियर सेकेंडरी स्कूल, चुड़ैला के पीछे स्थित चौक में पहुंची।

ग्रामीणों में भय का माहौल

पुलिस के मुताबिक, मौके पर एक युवक दाएं हाथ में तलवार लेकर हवा में उसे इधर-उधर घुमा रहा था। आसपास के लोग डर के कारण अपने घरों में थे और रास्ते से भी लोगों का आवागमन प्रभावित था।

पुलिस टीम ने युवक को पकड़कर उसका नाम-पता पूछा। उसने अपना नाम विक्रम पुत्र सुरेंद्र सिंह, उम्र 26 वर्ष, निवासी चुड़ैला, थाना धनूरी बताया।

तलवार का लाइसेंस नहीं दिखा सका आरोपी

पुलिस ने विक्रम से तलवार रखने के लाइसेंस या अनुज्ञा पत्र के बारे में पूछा। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने उसके पास किसी तरह का लाइसेंस या अनुज्ञा पत्र नहीं होना बताया।

सार्वजनिक स्थान पर तलवार लहराकर ग्रामीणों में भय पैदा करने के मामले में पुलिस ने तलवार को जब्ती का सबूत मानते हुए कब्जे में ले लिया।

इसके बाद आरोपी विक्रम को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ धारा 4/25 आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। मामले में आगे की जांच जारी है।

The most trusted source for latest news, breaking news and detailed analysis of Jhunjhunu, Sikar and Churu district. We bring news directly to you from Jhunjhunu, Nawalgarh, Mandawa, Chirawa, Udaipurwati,...