बगड़ (झुंझुनूं)। ग्रामीण क्षेत्र के लोगों के लिए अच्छी खबर है। ज्योति माहेश्वरी फाउंडेशन और लायंस क्लब झुंझुनूं के संयुक्त तत्वावधान में 30 अगस्त को बगड़ में विशाल नि:शुल्क नेत्र जांच एवं लेंस प्रत्यारोपण शिविर लगाया जाएगा।
शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम मरीजों की आंखों की जांच करेगी। जांच के बाद ऑपरेशन के लिए चयनित जरूरतमंद मरीजों का लेंस प्रत्यारोपण नि:शुल्क किया जाएगा।
SMTI कैंपस में लगेगा शिविर
शिविर का आयोजन शिवओंकार माहेश्वरी तकनीकी संस्थान (SMTI Campus), झुंझुनूं रोड, बगड़ में किया जाएगा।
शिविर रविवार, 30 अगस्त 2026 को सुबह 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक चलेगा।
जयपुर के विशेषज्ञ डॉक्टर करेंगे जांच
शिविर में शंकरा आई हॉस्पिटल, जयपुर के नेत्र विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम मरीजों की जांच करेगी।
आंखों की जांच आधुनिक तकनीक से की जाएगी। जांच के बाद जिन मरीजों को ऑपरेशन की आवश्यकता होगी, उनका चयन कर नि:शुल्क लेंस प्रत्यारोपण ऑपरेशन कराया जाएगा।
मोतियाबिंद मरीजों को मिलेंगी कई सुविधाएं
आयोजकों के अनुसार मोतियाबिंद से पीड़ित मरीजों के लिए शिविर के माध्यम से चश्मा, भोजन और रहने की सुविधा भी नि:शुल्क उपलब्ध कराई जाएगी।
जरूरतमंद मरीजों को ऑपरेशन के लिए लाने-ले जाने की सुविधा भी उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है।
40 वर्ष से अधिक उम्र के लोग जरूर कराएं जांच
शिविर संयोजक डॉ. विवेक कौशिक और नवीन सैनी ने बताया कि खासतौर पर 40 वर्ष या उससे अधिक उम्र के लोगों को अपनी आंखों की जांच जरूर करवानी चाहिए।
उन्होंने ग्रामीण क्षेत्र के लोगों से शिविर में पहुंचकर इस नि:शुल्क चिकित्सा सुविधा का लाभ उठाने की अपील की।
मरीज ये जरूरी दस्तावेज और दवाइयां साथ लाएं
शिविर में आने वाले मरीजों को आधार कार्ड की दो फोटो कॉपी साथ लाने को कहा गया है।
मोतियाबिंद के मरीज वर्तमान में चल रही दवाइयां और डॉक्टर की पर्ची भी साथ लेकर आएं।
वहीं हृदय रोग, बीपी, मधुमेह या अस्थमा जैसी बीमारियों से पीड़ित मरीजों को अपनी संबंधित दवाइयां साथ लाने की सलाह दी गई है।
ग्रामीणों से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील
आयोजकों ने आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में नि:शुल्क नेत्र जांच शिविर में पहुंचें।
साथ ही जरूरतमंद मरीजों और परिवारों तक शिविर की जानकारी पहुंचाने की भी अपील की गई है, ताकि अधिक से अधिक लोग नि:शुल्क नेत्र चिकित्सा और ऑपरेशन सुविधा का लाभ उठा सकें।






