सूरजगढ़। राष्ट्रीय साहित्यिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक संस्थान आदर्श समाज समिति इंडिया के तत्वावधान में आयोजित होने वाले ‘गाँधी सेवा रत्न अवॉर्ड-2026 राष्ट्रीय प्रतिभा सम्मान समारोह’ की तैयारियां शुरू हो गई हैं। संस्थान के अध्यक्ष धर्मपाल गाँधी ने राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिभाओं के चयन एवं पंजीकरण प्रक्रिया शुरू करने की घोषणा करते हुए देशभर के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले व्यक्तियों से आवेदन आमंत्रित किए हैं।
1 सितंबर को होगा राष्ट्रीय सम्मान समारोह
धर्मपाल गाँधी ने बताया कि यह राष्ट्रीय सम्मान समारोह प्रत्येक वर्ष 1 सितंबर को गांधीवादी समाजसेवी, स्वतंत्रता सेनानी एवं आदर्श समाज के प्रणेता बजरंग लाल गाँधी की पुण्य स्मृति में आयोजित किया जाता है। समारोह का उद्देश्य राष्ट्र निर्माण, मानवता की सेवा और गांधीवादी मूल्यों को सशक्त बनाने वाले उत्कृष्ट व्यक्तित्वों का सम्मान करना है।
उन्होंने कहा कि ‘गाँधी सेवा रत्न अवॉर्ड’ सेवा, सत्य, अहिंसा, सामाजिक न्याय, समानता और राष्ट्रहित के प्रति समर्पित व्यक्तियों के योगदान का राष्ट्रीय सम्मान है।
इन क्षेत्रों की प्रतिभाओं को मिलेगा सम्मान
राष्ट्रीय स्तर पर चयनित प्रतिभाओं को शिक्षा, चिकित्सा, न्याय, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, विज्ञान एवं अनुसंधान, साहित्य, पत्रकारिता, कला एवं संस्कृति, योग, संगीत, नृत्य, खेल, शांति स्थापना, राष्ट्र सेवा और समाज सेवा सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया जाएगा।
इसके अलावा राजनीति एवं राजकीय सेवा से जुड़े ऐसे व्यक्तियों को भी सम्मानित किया जाएगा, जिन्होंने ईमानदारी, पारदर्शिता और जनहित की भावना के साथ उल्लेखनीय कार्य किया है।
युवा प्रतिभाओं को मिलेगा राष्ट्रीय मंच
धर्मपाल गाँधी ने बताया कि इस वर्ष समारोह को और अधिक व्यापक स्वरूप दिया जा रहा है। देशभर से योग खिलाड़ी, युवा कलाकार और सांस्कृतिक प्रतिभाओं को अपनी कला प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा। वहीं सरकारी विद्यालयों के मेधावी छात्र-छात्राओं और सांस्कृतिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को भी विशेष सम्मान प्रदान किया जाएगा।
निष्पक्ष चयन प्रक्रिया का दावा
संस्थान के अनुसार, चयन प्रक्रिया पूर्णतः निष्पक्ष, पारदर्शी और राष्ट्रीय स्तर पर निर्धारित मानकों के आधार पर संपन्न की जाएगी। विभिन्न राज्यों से प्राप्त आवेदनों का मूल्यांकन विशेषज्ञों द्वारा किया जाएगा, जिसके बाद चयनित प्रतिभाओं को सम्मान समारोह में आमंत्रित किया जाएगा।
धर्मपाल गाँधी ने शिक्षाविदों, चिकित्सकों, साहित्यकारों, पत्रकारों, वैज्ञानिकों, पर्यावरणविदों, समाजसेवियों, कलाकारों, खिलाड़ियों, योगाचार्यों, जनप्रतिनिधियों और अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य कर रहे लोगों से पंजीकरण कराने और समारोह में भाग लेने का आह्वान किया।






