झुंझुनूं के सूरजगढ़ में 1 सितंबर 2026 को राष्ट्रीय प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा, जिसमें गांधी सेवा रत्न अवॉर्ड-2026 से देशभर की चयनित प्रतिभाओं को सम्मानित किया जाएगा। श्री बजरंग लाल गांधी स्मृति दिवस के अवसर पर होने वाले इस समारोह के लिए चयन समिति ने प्रतिभागियों की तीसरी सूची जारी कर दी है, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों की 30 प्रतिभाओं को शामिल किया गया है।
राष्ट्रीय साहित्यिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक संस्था आदर्श समाज समिति इंडिया की ओर से हर वर्ष 1 सितंबर को यह सम्मान समारोह आयोजित किया जाता है। रविवार को सूरजगढ़ स्थित समिति कार्यालय में शिक्षाविद् मनजीत सिंह तंवर के नेतृत्व में चयन समिति की ओर से तृतीय सूची जारी की गई।
30 प्रतिभाओं का हुआ चयन
आदर्श समाज समिति इंडिया के अध्यक्ष धर्मपाल गांधी ने बताया कि गांधी सेवा रत्न अवॉर्ड के लिए देशभर से शिक्षा, चिकित्सा, न्याय, शांति, स्वच्छता, पर्यावरण, हस्तकला, कला-संस्कृति, विज्ञान एवं अनुसंधान, साहित्य-पत्रकारिता, योग, नृत्य, संगीत, खेल, राष्ट्र सेवा और समाजसेवा सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रतिभाओं का चयन किया जाता है।
गांधी सेवा रत्न अवॉर्ड-2026 की तृतीय सूची में शामिल प्रमुख नामों में राजस्थान यूनिवर्सिटी जयपुर से डॉ. सुमन मौर्य, जयपुर से ज्योत्सना सक्सेना ‘प्रकाश’, जगदीश मोहन रावत, कोटा से कवि बद्रीलाल दिव्य, बिहार से एडवोकेट बबीता झा, पटियाला से सुकीर्ति भटनागर और जयपुर से सुधीर सक्सेना ‘सुधि’ शामिल हैं।
इसके अलावा छत्तीसगढ़ से डॉ. शिरोमणि माथुर, परबतसर से भवानी सिंह राठौड़ ‘भावुक’, फतेहपुर शेखावाटी से भंवरलाल महरिया ‘भंवरो’, चित्तौड़गढ़ से दुर्गेश कुमार, नवलगढ़ से रमाकांत सोनी और जयपुर से तेज सिंह राठौड़ का भी चयन हुआ है।
राजस्थान सहित कई राज्यों की प्रतिभाएं शामिल
चयनित प्रतिभाओं में चिड़ावा से सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता डॉ. अनिल कुमार ठाकुर, मोहाली से हरियाणा सरकार के प्रशासनिक अधिकारी सेवानिवृत्त अवर सचिव डॉ. स्वामी चरन, आगरा से मंजू गौतम और कोटपूतली-बहरोड़ से पूजा मूलोदिया शामिल हैं।
सूची में चिड़ावा से निकिता चौधरी, उदयपुरवाटी से दिया दशरथ कनवाडिया, हेतमसर से राहुल, सीकर से विनय प्रताप सिंह, जयपुर से विष्णु कस्वां और नीतू कुमारी, झुंझुनूं से अंजनी कुमार स्वामी और मनीषा मौर्य, नारायणपुर अलवर से फूलचंद वर्मा, जयपहाड़ी से अलका बोयल तथा बलौदा से राकेश कुमावत और निकिता बरवड़ के नाम भी शामिल हैं।
सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय एकता का संदेश
शिक्षाविद् एवं सामाजिक कार्यकर्ता मनजीत सिंह तंवर ने कहा कि श्री बजरंग लाल गांधी स्मृति दिवस पर होने वाला यह राष्ट्रीय समारोह गांधी जीवन दर्शन, सामाजिक एकता और सद्भाव की भावना को समर्पित है।
उन्होंने कहा कि अलग-अलग राज्यों और क्षेत्रों से आने वाली प्रतिभाओं को एक मंच पर सम्मानित करना सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय एकता का संदेश देता है। प्रतिभा, सेवा और समर्पण को जाति, धर्म या क्षेत्र की सीमाओं से नहीं बांधा जा सकता।
आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम का उद्देश्य उत्कृष्ट कार्य करने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित कर नई पीढ़ी को सकारात्मक और रचनात्मक कार्यों के लिए प्रेरित करना है। समारोह में गांधी जी के सत्य, अहिंसा, सेवा, सद्भाव, समानता और सामाजिक एकता के विचारों को आगे बढ़ाने का संदेश दिया जाएगा।






