उदयपुरवाटी। विधानसभा क्षेत्र के राजस्व ग्राम गोरिया तन धनावता (ग्राम पंचायत जैतपुरा) स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में अध्यापकों की कमी को लेकर ग्रामीणों, अभिभावकों और विद्यार्थियों ने प्रशासन के समक्ष नाराजगी जताई है। ग्रामीणों ने उपखंड अधिकारी (एसडीएम) और मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी (सीबीईओ) को ज्ञापन सौंपकर विद्यालय के रिक्त पदों पर जल्द विषय अध्यापकों की नियुक्ति करने की मांग की।
300 से घटकर 186 रह गया नामांकन
ज्ञापन के अनुसार विद्यालय में वर्तमान में करीब 186 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं, जबकि उन्हें पढ़ाने के लिए सिर्फ 6 शिक्षक कार्यरत हैं। ग्रामीणों का कहना है कि कुछ वर्ष पहले तक विद्यालय में 300 से अधिक विद्यार्थियों का नामांकन था, लेकिन लंबे समय से विभिन्न विषयों के अध्यापकों के पद खाली होने से शिक्षा व्यवस्था प्रभावित हुई और विद्यार्थियों की संख्या लगातार घटती चली गई।
10 किलोमीटर के दायरे में नहीं दूसरा सरकारी स्कूल
ग्रामीणों ने बताया कि गोरिया तन धनावता का यह विद्यालय ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्र में स्थित है। आसपास करीब 10 किलोमीटर तक कोई अन्य सरकारी उच्च माध्यमिक विद्यालय नहीं है। ऐसे में विषय अध्यापकों की कमी के कारण विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा नहीं मिल पा रही है।
उनका कहना है कि कई अभिभावकों को मजबूरी में बच्चों का प्रवेश निजी विद्यालयों में कराना पड़ रहा है, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों पर अतिरिक्त बोझ बढ़ रहा है।
जल्द नियुक्ति नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी
ग्रामीणों ने प्रशासन से छात्रहित और जनहित को देखते हुए विद्यालय में रिक्त पदों पर आवश्यक विषय अध्यापकों की शीघ्र नियुक्ति करने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन का रास्ता अपनाया जाएगा।
ज्ञापन सौंपने वालों में पवन कुमार वर्मा, कुरडाराम, रामजीवनराम, राजू सैनी, सांवरमल सैन, वीरसिंह वर्मा, धोलूराम गुर्जर, श्रीराम, महेश कुमार, प्रभात गुर्जर, सुभाष, सोलाराम और लालाराम सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल रहे।






