उदयपुरवाटी गुप्त नवरात्र के पावन अवसर पर क्षेत्र के प्रसिद्ध धार्मिक तीर्थ सकराय स्थित शक्तिपीठ माता शाकम्भरी मंदिर में शनिवार को श्रद्धालुओं के साथ वीवीआईपी आगमन भी आकर्षण का केंद्र रहा। राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े और विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने माता शाकम्भरी के दर्शन कर विशेष पूजा-अर्चना की तथा देश और प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।


वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुआ स्वागत

मंदिर पहुंचने पर दोनों अतिथियों का वैदिक मंत्रोच्चार, पुष्पवर्षा और पारंपरिक सम्मान के साथ स्वागत किया गया। अंतरराष्ट्रीय ज्योतिषाचार्य पंडित केदार शर्मा, डॉ. सुमन शर्मा और चंदू शर्मा ने उनका अभिनंदन किया।

इसके बाद मंदिर के पुजारियों पवन शर्मा, राजेंद्र शर्मा और विकास शर्मा ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना संपन्न करवाई। इस अवसर पर राज्यपाल और विधानसभा अध्यक्ष को माता की चुनरी, साफा, माला तथा प्रसाद भेंट कर सम्मानित किया गया।


शतचंडी अनुष्ठान में दी आहुतियां

माता शाकम्भरी के दर्शन के बाद दोनों नेता मंदिर परिसर स्थित मदनमोहन मंदिर पहुंचे, जहां गुप्त नवरात्र के अवसर पर आयोजित शतचंडी अनुष्ठान में भाग लिया।

आचार्य जगदीश प्रसाद शास्त्री और महावीर प्रसाद शर्मा के सानिध्य में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच राज्यपाल और विधानसभा अध्यक्ष ने यज्ञ में आहुतियां अर्पित कर प्रदेश की समृद्धि, शांति और खुशहाली की प्रार्थना की।


सुरक्षा व्यवस्था रही चाक-चौबंद

राज्यपाल और विधानसभा अध्यक्ष के दौरे को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। व्यवस्थाओं की निगरानी के लिए जिला कलक्टर आशीष मोदी और पुलिस अधीक्षक प्रवीण नायक नूनावत स्वयं मौजूद रहे।

इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. तेजपाल, तहसीलदार भागीरथ यादव, पीडब्ल्यूडी की सहायक अभियंता शिखा, सीआई मनोज कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक भी उपस्थित रहे।

Best JEE Coaching Jhunjhunu City

The most trusted source for latest news, breaking news and detailed analysis of Jhunjhunu, Sikar and Churu district. We bring news directly to you from Jhunjhunu, Nawalgarh, Mandawa, Chirawa, Udaipurwati,...

Kailash is a dedicated News Author covering the Udaipurwati. He focuses on delivering timely, accurate, and reliable local news, including government updates, public issues, education, crime, politics,...