झुंझुनूं जिले के गुढ़ागौड़जी कस्बे में कैम्पर गाड़ियों से तोड़फोड़, जानलेवा हमला और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ₹2 हजार के इनामी आरोपी अजय उर्फ अज्जू को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को नवलगढ़ क्षेत्र से दस्तयाब कर पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया गया।
पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र सिंह राजावत के मार्गदर्शन तथा वृताधिकारी सुगन सिंह के सुपरविजन में थाना प्रभारी गौरव प्रधान के नेतृत्व में गठित टीम ने यह कार्रवाई की।
4 अप्रैल की रात हुई थी हिंसक वारदात
पुलिस के अनुसार, 4 अप्रैल 2026 की रात गुढ़ागौड़जी कस्बे के भौड़की चौराहे के पास दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हुई थी। आरोप है कि दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर जानलेवा हमला करने की नीयत से कैम्पर गाड़ियों को तेज गति से दौड़ाया और टक्कर मारी।
इस दौरान बिजली विभाग का खंभा टूट गया तथा सड़क किनारे बने चबूतरे, रेलिंग, दुकानों की पट्टियां और बिजली मीटर भी क्षतिग्रस्त हो गए। घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया था।
अब तक 10 आरोपी गिरफ्तार, एक नाबालिग निरुद्ध
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की। अब तक इस प्रकरण में 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि एक विधि से संघर्षरत बालक (नाबालिग) को निरुद्ध किया गया है।
पुलिस ने बताया कि फरार चल रहे ₹2 हजार के इनामी आरोपी अजय उर्फ अज्जू (20 वर्ष), निवासी सोटवारा, थाना मुकुंदगढ़ को नवलगढ़ से पकड़कर गिरफ्तार किया गया है। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश और अनुसंधान जारी है।






