झुंझुनूं, जिले में मादक पदार्थों के नष्टीकरण के लिए चलाए गए अभियान के तहत गुरुवार को 10 पुलिस थानों के 16 एनडीपीएस प्रकरणों में जब्त गांजे का नियमानुसार नष्टीकरण किया गया। यह कार्रवाई जिला स्तरीय औषधि व्ययन समिति की उपस्थिति में की गई।
पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर की अध्यक्षता में जिला स्तरीय औषधि व्ययन समिति का गठन किया गया था। समिति में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय देवेन्द्र सिंह राजावत और अपराध सहायक महेन्द्र सिंह को सदस्य नियुक्त किया गया।
पुलिस के अनुसार, 10 थानों से जुड़े कुल 16 प्रकरणों में न्यायालय से भौतिक सत्यापन एवं निर्णय के बाद नष्टीकरण के लिए निर्धारित किए गए 10 क्विंटल 93 किलोग्राम 508 ग्राम गांजे का 13 अगस्त 2026 को नष्टीकरण किया गया। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 5 करोड़ 46 लाख 75 हजार 400 रुपये बताई गई है।
रिकॉर्ड के अवलोकन के बाद किया नष्टीकरण
जिला स्तरीय औषधि व्ययन समिति की उपस्थिति में प्रत्येक प्रकरण से संबंधित रिकॉर्ड का अवलोकन किया गया। इसके बाद निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार रिजर्व पुलिस लाइन, झुंझुनूं में जब्त मादक पदार्थ का नष्टीकरण किया गया।
कार्रवाई राजस्थान पुलिस महानिदेशक की ओर से 13 अगस्त 2026 को मादक पदार्थों के नष्टीकरण के लिए चलाए गए अभियान के तहत की गई।






