झुंझुनूं, जिले में नवसृजित 22 उचित मूल्य दुकानों के आवंटन के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इच्छुक एवं पात्र आवेदक निर्धारित प्रपत्र में आवेदन कर सकते हैं।
जिला कलक्टर (रसद) डॉ. अरुण गर्ग ने बताया कि आवेदन 22 अक्टूबर को शाम 5 बजे तक जिला रसद अधिकारी कार्यालय, कलेक्ट्रेट परिसर, झुंझुनूं में जमा कराए जा सकेंगे।
आवेदन के साथ निर्धारित आवश्यक दस्तावेज संलग्न करना अनिवार्य होगा।
किस तहसील में कितनी दुकानें?
जिले में उचित मूल्य दुकानों का आवंटन इस प्रकार किया जाएगा
- मलसीसर: 1
- बुहाना: 6
- खेतड़ी: 4
- चिड़ावा: 4
- उदयपुरवाटी: 2
- नवलगढ़: 2
- मंडावा: 2
- झुंझुनूं तहसील: 1
कुल 22 उचित मूल्य दुकानों के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
मलसीसर तहसील
जाबासर ग्राम पंचायत के जवाहरपुरा वितरण केंद्र के लिए अनारक्षित श्रेणी के तहत आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
बुहाना तहसील
बुहाना तहसील में कुहाड़वास ग्राम पंचायत के नानवास केंद्र, पचेरी कलां ग्राम पंचायत के पचेरी कलां वार्ड 6 से 10 केंद्र, काजला ग्राम पंचायत के भूरीवास केंद्र और मोई भारू ग्राम पंचायत के मोई भारू केंद्र को महिला आरक्षित श्रेणी में रखा गया है।
वहीं पचेरी कलां के वार्ड 11 से 15 केंद्र और बडबर ग्राम पंचायत के बडबर केंद्र को अनारक्षित श्रेणी में रखा गया है।
खेतड़ी तहसील
खरखड़ा ग्राम पंचायत के खरखड़ा वितरण केंद्र को महिला आरक्षित श्रेणी में रखा गया है।
इसके अलावा बड़ाऊ ग्राम पंचायत के बड़ाऊ केंद्र, माधोगढ़ ग्राम पंचायत के गुणीनीचा केंद्र और कालोटा ग्राम पंचायत के कालोटा केंद्र अनारक्षित श्रेणी में शामिल हैं।
चिड़ावा तहसील
चिड़ावा तहसील में केहरपुरा कलां ग्राम पंचायत का मटाना केंद्र, अलीपुर ग्राम पंचायत का अलीपुर केंद्र, नूनिया गोठड़ा ग्राम पंचायत का नूनिया गोठड़ा केंद्र और श्योपुरा बास ग्राम पंचायत का श्योपुरा बास केंद्र अनारक्षित श्रेणी के तहत आवंटित किए जाएंगे।
उदयपुरवाटी तहसील
छावसरी ग्राम पंचायत के छावसरी केंद्र और बजावा रावतका ग्राम पंचायत के मूण्डो की ढाणी केंद्र को अनारक्षित श्रेणी में रखा गया है।
नवलगढ़ तहसील
बड़वासी ग्राम पंचायत के बड़वासी 1/2 केंद्र को महिला आरक्षित श्रेणी में रखा गया है।
वहीं निवाई ग्राम पंचायत के निवाई केंद्र को अनारक्षित श्रेणी में रखा गया है।
मंडावा तहसील
शेखसर ग्राम पंचायत के शेखसर वितरण केंद्र को महिला आरक्षित श्रेणी के तहत शामिल किया गया है।
दिलोई ग्राम पंचायत के दिलोई केंद्र को अनारक्षित श्रेणी में रखा गया है।
झुंझुनूं तहसील
झुंझुनूं तहसील में दोरासर ग्राम पंचायत के दोरासर वितरण केंद्र के लिए अनारक्षित श्रेणी के तहत आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
वेबसाइट पर मिलेंगे नियम और दिशा-निर्देश
जिला कलेक्टर डॉ. अरुण गर्ग के अनुसार उचित मूल्य दुकानों के आवंटन से संबंधित चयन प्रक्रिया, पात्रता मानदंड और अन्य विस्तृत दिशा-निर्देश विभागीय वेबसाइट food.rajasthan.gov.in पर उपलब्ध हैं।
इच्छुक आवेदकों को निर्धारित समय सीमा से पहले आवेदन जमा करने और आवेदन के साथ सभी जरूरी दस्तावेज संलग्न करने होंगे।
