झुंझुनूं। बारिश के मौसम में बढ़ते विद्युत हादसों की आशंका को देखते हुए अजमेर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (अजमेर डिस्कॉम) ने झुंझुनूं जिले के लोगों के लिए जनहित में सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देश जारी किए हैं। अधीक्षण अभियंता ने आमजन, किसानों और पशुपालकों से बिजली संबंधी सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की है।
बिजली के खंभों और तारों से रखें सुरक्षित दूरी
डिस्कॉम ने लोगों से अपील की है कि वे बिजली के खंभों को न छुएं, उन पर पशुओं को न बांधें और बिजली लाइनों के नीचे किसी भी प्रकार का आयोजन न करें। नए भवनों का निर्माण करते समय बिजली लाइनों से पर्याप्त दूरी बनाए रखने की भी सलाह दी गई है।
किसानों के लिए विशेष सावधानी
डिस्कॉम ने किसानों से खेतों से गुजरने वाली बिजली लाइनों के नीचे चारा या कृषि उत्पादों का भंडारण नहीं करने को कहा है। फव्वारा (स्प्रिंकलर) सिंचाई में उपयोग होने वाले पाइपों को खड़ी अवस्था में बिजली लाइनों के नीचे से नहीं ले जाने की सलाह दी गई है। यदि ले जाना आवश्यक हो तो पाइपों को जमीन पर लिटाकर ले जाएं।
साथ ही खेतों की बाड़ में करंट प्रवाहित करने से बचने और खेत में लगे बिजली के खंभों से उचित दूरी रखते हुए जुताई करने की अपील की गई है।
स्पार्किंग या ढीले तार दिखें तो तुरंत सूचना दें
यदि बिजली के खंभे पर स्पार्किंग हो रही हो, बारिश के कारण लाइन ढीली होकर नीचे आ गई हो या ट्रांसफार्मर में कोई खराबी दिखाई दे तो इसकी सूचना तुरंत संबंधित फीडर इंचार्ज, कनिष्ठ अभियंता (जेईएन) अथवा नजदीकी सब स्टेशन को देने के लिए कहा गया है।
घरों में भी बरतें सावधानी
डिस्कॉम ने लोगों को घरों में अर्थिंग कराने, BIS मार्क वाले स्विच, एमसीबी और ईएलसीबी का उपयोग करने तथा अच्छी गुणवत्ता के विद्युत उपकरण लगाने की सलाह दी है। बिना जानकारी के किसी भी बिजली उपकरण को खोलने या छूने से बचने को भी कहा गया है।
बारिश और आकाशीय बिजली के दौरान रहें सतर्क
बारिश के मौसम में हवा और जमीन में नमी के कारण करंट लगने का खतरा अधिक रहता है। ऐसे में ट्रांसफार्मर, बिजली के पोल, स्टे वायर और लाइनों से दूर रहने की सलाह दी गई है। आकाशीय बिजली चमकने या गरज के दौरान खुले स्थानों पर जाने और बिजली के उपकरणों को छूने से भी बचने की अपील की गई है।
आपात स्थिति में क्या करें?
यदि कोई व्यक्ति बिजली की चपेट में आ जाए तो सबसे पहले संबंधित फीडर की बिजली बंद कराने का प्रयास करें। इसके बाद सुरक्षित स्थान पर खड़े होकर सूखे और इंसुलेटेड डंडे की सहायता से ही पीड़ित को बिजली के संपर्क से अलग करने का प्रयास करें।
डिस्कॉम ने बताया कि अधिक बारिश के कारण बिजली के पोल टेढ़े होने या अन्य तकनीकी समस्या दिखाई देने पर टोल फ्री नंबर 1800-180-6565 पर तुरंत सूचना दें।






