झुंझुनूं, जिले की हाई रिस्क गर्भवतियों (एचआरपी) एवं प्रसूताओं को समय पर रक्त उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सामाजिक संस्था अनुश्री फाउंडेशन की पहल पर शुक्रवार को बीडीके अस्पताल के ब्लड बैंक में विशेष रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। शिविर में डॉक्टरों, नर्सिंगकर्मियों और पैरामेडिकल स्टाफ ने उत्साहपूर्वक रक्तदान किया।
अतिथियों ने किया शिविर का शुभारंभ
चिकित्सा विभाग एवं अनुश्री फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित शिविर का शुभारंभ जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी परशुराम धानका, सीएमएचओ डॉ. छोटेलाल गुर्जर, नगर परिषद आयुक्त राकेश कुमार तथा बीडीके अस्पताल के पीएमओ डॉ. जितेंद्र भांबू ने किया।
इससे पूर्व अनुश्री फाउंडेशन की निदेशक डॉ. अनुश्री एवं सर्जन डॉ. अमित कुमार ने अतिथियों का स्वागत किया।
एचआरपी गर्भवतियों के लिए रक्त की उपलब्धता पर जोर
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि हाई रिस्क गर्भवतियों और प्रसूताओं की जान बचाने में समय पर रक्त उपलब्ध होना बेहद महत्वपूर्ण है। बीडीके अस्पताल में उपचार के दौरान अक्सर रक्त की आवश्यकता रहती है। ऐसे में चिकित्सकों और मेडिकल कार्मिकों का स्वयं आगे आकर रक्तदान करना सराहनीय पहल है।
उन्होंने कहा कि चिकित्सा विभाग जरूरतमंद मरीजों को यह रक्त निःशुल्क एवं बिना रिप्लेसमेंट उपलब्ध कराएगा।
डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ ने किया रक्तदान
शिविर में अनुश्री फाउंडेशन से जुड़े कई चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों ने रक्तदान किया। इनमें प्रमुख रूप से
- डॉ. अनुश्री
- डॉ. अमित कुमार
- रेडियोलॉजिस्ट डॉ. सुनील सैनी
- न्यूरो सर्जन डॉ. नरेंद्र खीचड़
- आर्थोपेडिक सर्जन डॉ. कुलदीप सिंह
- डॉ. पूनम मुहाल
- डॉ. दिनेश
- डॉ. दीपिका
के अलावा अनुश्री डायग्नोस्टिक सेंटर के नर्सिंगकर्मियों, तकनीकी कार्मिकों तथा अन्य पैरामेडिकल स्टाफ ने भी रक्तदान किया।
ट्रॉमा मरीजों को भी मिलेगा लाभ
पीएमओ डॉ. जितेंद्र भांबू ने बताया कि शिविर से एकत्रित रक्त का उपयोग हाई रिस्क गर्भवतियों और प्रसूताओं के साथ-साथ ट्रॉमा मरीजों एवं अन्य जरूरतमंद महिलाओं के उपचार में किया जाएगा।
शिविर के दौरान आरसीएचओ डॉ. दयानंद सिंह, आरएमओ डॉ. सिद्धार्थ शर्मा, डॉ. प्रियंका भास्कर सहित अन्य अधिकारी एवं चिकित्सा कर्मी मौजूद रहे। बीडीके ब्लड बैंक के डॉ. राकेश कुमार एवं उनकी तकनीकी टीम ने रक्त संग्रह की प्रक्रिया संपन्न कराई।
कार्यक्रम के अंत में अनुश्री फाउंडेशन की निदेशक डॉ. अनुश्री एवं डॉ. अमित कुमार ने सभी अतिथियों और रक्तदाताओं का आभार व्यक्त किया।






