झुंझुनूं। राजस्थान सरकार के निर्देशानुसार गांव भारू स्थित अटल सेवा केंद्र में ग्रामीण सेवा शिविर-2026 के फॉलो-अप शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ गांव-गांव तक पहुंचाना तथा स्थानीय स्तर पर आमजन की समस्याओं का समाधान करना रहा।
ग्रामीणों को वितरित किए प्रमाण-पत्र
शिविर के दौरान भाजपा नेता प्यारेलाल ढूकिया ने ग्रामीणों से संवाद किया तथा अधिकारियों के साथ समन्वय कर पात्र लोगों को खाता विभाजन प्रमाण-पत्र एवं जन्म प्रमाण-पत्र वितरित किए। साथ ही विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देकर ग्रामीणों को उनका लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि जो लोग पूर्व में किसी कारणवश योजनाओं का लाभ नहीं ले सके, वे फॉलो-अप शिविर के माध्यम से दोबारा राजकीय सेवाओं का लाभ प्राप्त कर सकते हैं।
जनकल्याणकारी योजनाओं की दी जानकारी
शिविर में ग्रामीणों को राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही पात्र व्यक्तियों तक इन योजनाओं की जानकारी पहुंचाने और अधिक से अधिक लोगों को लाभान्वित करने की अपील की गई।
आयोजकों ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य गांव स्तर पर ही समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करना है, ताकि लोगों को छोटी-छोटी समस्याओं के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ें।
अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
कार्यक्रम में उपखंड अधिकारी विश्वामित्र, तहसीलदार सुरेंद्र कुमार मीणा, एडीओ राजेश सैनी, सरपंच प्रतिनिधि शशि कुमार भारू, पवन कुमार शर्मा, पटवारी चीना देवी, अमरचंद ईशरवाल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।






