झुंझुनूं। नगर निकाय एवं पंचायती राज चुनाव को लेकर कांग्रेस ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में विद्यार्थी भवन (जाट बोर्डिंग) में जिला कांग्रेस कमेटी की महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई।
बैठक में आगामी चुनाव की रणनीति, संगठन की मजबूती, बूथ स्तर की तैयारियों और कार्यकर्ताओं की भूमिका को लेकर विस्तार से मंथन किया गया।
रामसिंह कस्वां बोले- टिकट एक को, सम्मान सभी का
जिला प्रभारी रामसिंह कस्वां ने कार्यकर्ताओं को टिकट को लेकर स्पष्ट संदेश दिया।
उन्होंने कहा कि पार्टी से टिकट मांगना हर कार्यकर्ता का अधिकार है, लेकिन चुनाव में टिकट एक ही व्यक्ति को दिया जा सकता है।
कस्वां ने कहा कि टिकट नहीं मिलने वाले कार्यकर्ताओं को निराश होने की जरूरत नहीं है। पार्टी के लिए निष्ठा और मेहनत से काम करने वाले प्रत्येक कार्यकर्ता को संगठन में उचित जिम्मेदारी देकर सम्मान दिया जाएगा।
रीटा चौधरी ने दिया एकजुटता का संदेश
मंडावा विधायक एवं जिला कांग्रेस अध्यक्ष रीटा चौधरी ने कहा कि पार्टी जिस भी कार्यकर्ता को अपना प्रत्याशी घोषित करे, उसके बाद सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि वे आपसी मतभेद भुलाकर एकजुट होकर प्रत्याशी को जिताने में जुट जाएं।
उन्होंने कहा कि चुनाव में कांग्रेस की सबसे बड़ी ताकत एकजुटता, संगठन और जमीनी स्तर पर काम करने वाला कार्यकर्ता है।
बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने पर जोर
बैठक में आगामी नगर निकाय एवं पंचायती राज चुनाव को लेकर बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने पर चर्चा हुई।
इसके अलावा संभावित प्रत्याशियों और कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा कांग्रेस को मजबूती के साथ चुनाव मैदान में उतारने की रणनीति पर भी विचार-विमर्श किया गया।
कई वरिष्ठ नेता रहे मौजूद
बैठक में जिला सह प्रभारी रियाजत खान, खेतड़ी प्रत्याशी मनीषा गुर्जर, झुंझुनूं प्रत्याशी अमित ओला, पूर्व मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह एवं सज्जन मिश्रा मंचस्थ रहे।
इस दौरान पीसीसी सदस्य एवं कांग्रेस कमेटी के संगठन महासचिव सलीम खां सिगड़ी, कांग्रेस ओबीसी विभाग जिलाध्यक्ष संतोष सैनी, कांग्रेस सेवादल जिलाध्यक्ष हारून लालपुर, महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष शकुंतला यादव और एससी प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष अमर सिंह धीरज सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने लिया हिस्सा
बैठक में पूर्व प्रधान शेर सिंह नेहरा, ओबीसी विभाग के पूर्व जिलाध्यक्ष लीलाधर सैनी, खेतड़ी नगर अध्यक्ष गीता सैनी, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुमेर सिंह महला, अजमत अली, संजय सैनी, किरोड़ीमल पायल, विनोद काजला, बलराम गुर्जर, रामावतार सैनी, बीएल सैनी सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
डीसीसी पदाधिकारियों में राजकुमार ढाका, मानसिंह सहारण, नरेश खादीवाला, सोनू देवी, वर्षा खटीक और विजय चंदेलिया सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने भी बैठक में भाग लिया।
चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं में दिखा उत्साह
बैठक के दौरान कार्यकर्ताओं में आगामी चुनाव को लेकर उत्साह और सक्रियता नजर आई।
कार्यकर्ताओं ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और चुनाव में कांग्रेस को मजबूती से मैदान में उतारने का संकल्प लिया।
बैठक का संचालन शमशाद खां सिरियासर ने किया।






